श्रीबांकेबिहारी मंदिर
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन का समय बढ़ाने पर हाईपावर कमेटी को नोटिस, 3 नवंबर तक दाखिल करना होगा जवाब
मथुरा। वृंदावन के प्रसिद्ध ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के दर्शन समय बढ़ाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। सिविल जज जूनियर डिवीजन की अदालत ने हाईपावर कमेटी को नोटिस जारी किया है और 3 नवंबर 2025 तक अपना जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं। यह नोटिस उस याचिका पर जारी हुआ है जिसमें दर्शन का समय बढ़ाने के निर्णय को चुनौती दी गई है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बनी हाईपावर कमेटी
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद श्रीबांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्था को सुधारने के लिए हाईपावर कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार हैं। पिछली बैठक में कमेटी ने मंदिर में दर्शन का समय बढ़ाने, ₹100 की वीआईपी पर्ची बंद करने, और सेवायतों की संख्या निर्धारित करने जैसे कई अहम निर्णय लिए थे। हालांकि, सेवायत गोस्वामियों के विरोध के चलते दर्शन का समय बढ़ाने का आदेश लागू नहीं हो पाया। अब इस मामले पर अदालत में सुनवाई जारी है।
अदालत ने कमेटी से मांगा जवाब
अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित संजय हरियाणा, एडवोकेट दीपक शर्मा और गिरधारी लाल शर्मा ने इस निर्णय को अदालत में चुनौती दी थी।
दो बार की सुनवाई के बाद अदालत ने अब हाईपावर कमेटी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि 3 नवंबर 2025 तक कमेटी को अपना जवाब दाखिल करना होगा।
वीआईपी कल्चर और देहरी पूजन पर नया विवाद
इसी बीच, मंदिर में वीआईपी दर्शन और देहरी पूजन के मामले में भी विवाद गहराता जा रहा है। मंदिर प्रबंधन ने अपने जवाब में कहा है कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति को वीआईपी दर्शन या देहरी पूजन की अनुमति नहीं दी। प्रबंधन ने कोर्ट में एक पेन ड्राइव जमा की है, जिसमें उन्होंने इन व्यवस्थाओं के लिए सेवायत गोस्वामियों को जिम्मेदार ठहराया है। इस मामले में भी 3 नवंबर को सुनवाई तय की गई है।
सेवायतों ने किया आरोपों का खंडन
सेवायत पक्ष का कहना है कि मंदिर में होने वाली हर पूजा और दर्शन की व्यवस्था पारंपरिक नियमों के अनुसार होती है। उनका कहना है कि मंदिर में कोई भी सेवा या पूजा बिना अनुमति के नहीं कराई जाती, और कमेटी या प्रशासन के आरोप भ्रमित करने वाले हैं।
बढ़ सकता है विवाद
सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ सकता है क्योंकि अदालत में एक साथ दो मुद्दों दर्शन समय बढ़ाने का आदेश, और वीआईपी कल्चर व देहरी पूजन विवाद पर सुनवाई होगी। दोनों मामलों में हाईपावर कमेटी, सेवायत गोस्वामी, मंदिर प्रबंधन, जिलाधिकारी और एसएसपी मथुरा पक्षकार हैं।



