मथुरा के पांचजन्य ऑडिटोरियम में कार्यक्र्रम का शुभांरभ करते यूपी के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा।
वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर बनकर रहेगाः एके शर्मा
- मथुरा में ऊर्जा मंत्री ने 194 करोड़ की विद्युत एवं नगर निगम की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
मथुरा। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा ने कहा कि काशी और अयोध्या की तरह मथुरा भी हमारी आस्था और आत्मा का केंद्र है। अयोध्या और काशी की भव्यता की तरह इसका समग्र विकास भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा की बारी हैं। हर नागरिक को इसमें भागीदार बनना होगा। उन्होंने श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर पर जोर देते हुए कहा कि वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर बनकर रहेगा।
यह बात उन्होंने मथुरा के पांचजन्य ऑडिटोरियम में एक भव्य समारोह में व्यक्त किए। यहां उन्होंने नगर निगम एवं विद्युत विभाग की कुल 194.46 करोड़ रुपए की 1762 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 130.29 करोड़ की विद्युत परियोजनाएं तथा 64.17 करोड़ की नगर निगम योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं से मथुरा-वृंदावन की बिजली आपूर्ति, सफाई, सड़कें, जल निकासी और नगर सौंदर्यीकरण में बड़ा बदलाव आएगा।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ने मथुरा वृंदावन के संपूर्ण विकास की बात करते हुए कहा कि मथुरा को काशी और अयोध्या जैसा भव्यता देना हम सबकी जिम्मेदारी है। मथुरा के साथ जो भी ऐतिहासिक गलतियां हुई हैं, जल्द ही उनका समाधान निकाला जाएगा।
ऊर्जा मंत्री ने विद्युत अधिकारियों को मंच से दी चेतावनी’
मंच पर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंधक निदेशक विनीत कुमार ने मंच से संबोधन शुरू किया वैसे ही पार्षदों ने विद्युत विभाग के विरोध में नारे लगाने शुरू कर दिए। पार्षदों ने जमकर हंगामा काटा और कहा कि मथुरा की विद्युत व्यवस्था ध्वस्त है। यहां घंटों अषोषित विद्युत कटौती विभाग द्वारा की जा रही है। इसके अलावा ट्रांसफार्मर खराब होने पर 24 से 48 घंटे लगते हैं। बिजली विभाग की विद्युत आपूर्ति सेवा बहुत ही लचर है। अधिकारी लंबे समय से इस समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। जनता तो दूर जनप्रतिनिधियों के भी फोन नहीं उठाते हैं। इस पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को मंच से सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी, जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाता या उनकी समस्याओं की अनदेखी करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की आवाज़ होते हैं और उनकी बातों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के कड़े दिशा निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में सांसद हेमा मालिनी, महापौर विनोद अग्रवाल, बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, गोवर्धन विधायक मेघश्याम सिंह, एमएलसी योगेश नौहवार, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा सहित नगर निगम एवं विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



