दिल्ली से अगवाकर मथुरा में कराते थे देह व्यापार, लड़कियों को दी जाती थी नशीली दवा
कोसीकलां। मथुरा के समीप कोसीकलां के एक होटल से युवती को बरामद कर दिल्ली पुलिस ने सनसनीखेज खलासा किया है। दिल्ली से मथुरा लाकर देह व्यापार में उतारने के लिए यहां रखा जाता था और उन्हें नशीली दवा और इंजेक्शन भी दिए जाते थे। ऐसे ही घटना का दिल्ली की पुलिस ने खुलासा कर सभी को चौका दिया है।
बीती 26 अप्रेल को कोसीकलां थाने क्षेत्र की कोटवन पुलिस चौकी क्षेत्र में यूपी हरियाणा बॉर्डर के समीप गुलशन ढाबा से दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से देह व्यापार चलाने के आरोप में दो महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं दिल्ली पुलिस इस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर कार्यवाही को अंजाम दिया। इसके बाद सूचना पर छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार पुलिस कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग लड़की को बचा लिया गया है। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मामला 24 अप्रैल को तब सामने आया, जब पुलिस को आईपी एस्टेट थाने में एक 14 वर्षीय लड़की के अपहरण की सूचना मिली। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय जुबिद, 27 वर्षीय रवि, 29 वर्षीय राम खिलावन गुप्ता, 33 वर्षीय सनी, 27 वर्षीय पूजा और 30 वर्षीय बिमलेश के रूप में हुई।
पुलिस ने यह भी बताया कि होटल से बरामद एक पीड़िता ने अपने भाई को एक मोबाइल नंबर से फोन कर उसे बचाने की गुहार लगाई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को मिली। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर कोसी कलां के बॉर्डर पर स्थित एक होटल पर छापेमारी की गई, जहां से पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की को बचा लिया गया। वहीं मौके से जुबिद और रवि को गिरफ्तार कर लिया गया, रवि और जुविद दोनों लीज पर होटल चला रहे थे।पुलिस ने बताया कि जुबिद मथुरा का रहने वाला है और रवि हरियाणा के पलवल का निवासी है।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्वेता चौहान ने कहा कि जब दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने खुलासा किया कि लाजपत नगर निवासी आरोपी पीड़िता को दिल्ली से बहला फुसलाकर यहां लाया था। आरोपी सेक्स रैकेट चलाने में शामिल था। पता चला कि कल्याणपुरी निवासी सनी और उसकी बहन पूजा भी उस गिरोह का हिस्सा है। इन दोनों ने पैसे लेकर पीड़िता को बेच दिया था।
आरोपी राम खिलावन गुप्ता का मथुरा में होटलों के साथ कुछ नेटवर्क था। गुप्ता 21 अप्रैल को पीड़िता को लेकर आया था. जुबिद उसे होटल ले गया, जहां उसे एक कमरे में रखा गया और उसका यौन शोषण किया गया। पुलिस ने कहा कि जुबिद की पत्नी बिमलेश ने उसे गोलियां और इंजेक्शन भी दिए। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और उसकी काउंसलिंग की गई। सभी आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



