काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा पर सरकार का पूरा फोकस: योगी
- सीएम योगी ने भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी के समर्थन में की जन सभा
मथुरा। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब सरकार का पूरा फोकस मथुरा पर है। सरकार मथुरा के सर्वागींण विकास के लिए भरपूर धन देने को तैयार है। अयोध्या, काशी से पहले मथुरा में चुनाव होना है। इस बार मथुरा की जनता को बीते दो चुनाव के मतों से अधिक से हेमामालिनी को रिकार्ड मतों से जिताकर लोकसभा में भेजना है।
यह बात उन्होंने बृहस्पतिवार को मथुरा के सेठ बीएन पौद्दार कॉलेज में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने अपने 25 मिनट के भाषण में सबसे अधिक कांग्रेस पार्टी को निशाना बनाया। सपा व बसपा का केवल दो बार नाम लिया।
उन्होंने कहा लोकतंत्र के पर्व में अपना-अपना भाग्य आजमाने के लिए हर पार्टी का प्रत्याशी आपके समक्ष आएगा। सबसे विचित्र बात है कि भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी के सामने विपक्षी पार्टियों को ढूंढे पर भी प्रत्याशी नही मिल रहे। कांग्रेस के नेता अपना आपा खोकर मातृ शाक्ति का अपमान करने पर आमादा है। नारी शक्ति का अपमान देश की आधी आबादी का अपमान है। पूरा देश अब इनको ऐसा सबक सिखायेगा कि ये लोग राजनीति के लायक भी नही रह पायेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है परंतु मातृशक्ति का अपमान किसी को भी स्वीकार्य नहीं होगा। विचारों में असहमति न्यायसंगत मानी जा सकती है। किसी जाति, राष्ट्रीयता कला का अपमान नही कर सकते। उन्होंने कहा 16 कलाओं के अवतार लेने वाले कन्हैया की इस सुन्दर जन्मभूमि की कला को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में हेमामालिनी ने अपना पूरा जीवन लगा दिया। मैं कुछ दिन पहले भी मथुरा आया था, चारों ओर से एक ही आवाज आ रही थी मोदी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए इस बार एक एक वोट कमल को देना है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा 60 वर्ष तक राज करने वाली कांग्रेस ने अयोध्या, बनारस, मथुरा-वृंदावन के लिए क्या किया वो सब जानते है, मोदीजी ने 10 साल में ही अयोध्या, काशी की काया पलट कर दी, उनके तीसरे कार्यकाल में मथुरा अभूतपूर्व विकास होना निश्चित है। मोदी के तीसरे कार्यकाल में भारत दुनियां की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। यमुना शुद्धिकरण नमामि गंगे योजना में कराया जायेगा। केबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा की अबकी बार यूपी में 80 की 80 सीट बीजेपी जीतेगी।
पार्टी प्रत्याशी हेमा मालिनी ने कहा कि जनता के मन में मोदी की गारंटी के प्रति विश्वास है। 400 पार का नारा जनता ने दिया है। जनता ही उसको सफल बनाएंगी विपक्ष गुमराह व झूठ के एजेंडे की राजनीति कर रहा है। ब्रजवासियों के साथ भारत की जनता ने मोदी को तीसरी बार चुनने का मन बना लिया है।
मंच पर ये नेता रहे मौजूद
मंच पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मीनारायण चौधरी, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी, लोकसभा चुनाव प्रभारी अशोक कटारिया, विधायक पूरन प्रकाश, ठा. मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, लोकसभा प्रभारी श्याम भदौरिया देवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, महापौर विनोद अग्रवाल, एमएलसी योगेश चौधरी के अलावा पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह, रालोद जिला अध्यक्ष राजपाल भरंगर, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, पूर्व विधायक चंदन सिंह, कारिंदा सिंह, प्रणत पाल सिंह, चेतन स्वरूप पाराशर आदि मौजूद रहे।



