खिचड़ी महोत्सव में ठाकुर राधावल्लभ स्वामी हरिदासजी के स्वरूप में।
वृंदावन में सिर्फ खाई ही नहीं, गाई भी जाती है खिचड़ी
ब्रज के मंदिरों में संस्कृति, भक्ति और परंपरा का संगम है खिचड़ी महोत्सव
वृंदावन। उत्सव ब्रज संस्कृति की आत्मा हैं। यहां ऋतुएं केवल मौसम परिवर्तन का संकेत नहीं देतीं, बल्कि भक्ति, सेवा और उत्सवों की नई श्रृंखला का आरंभ करती हैं। श्रीकृष्ण की लीलास्थली वृंदावन में वर्ष भर किसी न किसी उत्सव की मधुर ध्वनि गूंजती रहती है। ग्रीष्म ऋतु में फूल बंगला, पुष्प कली श्रृंगार, चंदनोत्सव और जल यात्रा जैसे उत्सवों के बाद अब शीत ऋतु के आगमन पर वृंदावन एक बार फिर खिचड़ी महोत्सव के लिए सज-संवर गया है।
ब्रज में इसे केवल खिचड़ी उत्सव नहीं, बल्कि ‘खिचरी उच्छव’ कहा जाता है- जहां खिचड़ी सिर्फ भोग नहीं होती, वह राग में गाई जाती है, श्रृंगार में सजती है और समाज गायन के माध्यम से जीवंत हो उठती है।
शीत ऋतु का स्वागत और खिचड़ी का सांस्कृतिक संदेश
शीत ऋतु को ब्रज में अत्यंत विशेष माना जाता है। यह वह समय है जब ठाकुर जी की सेवा में ऊष्मा, स्निग्धता और माधुर्य का विशेष ध्यान रखा जाता है। खिचड़ी इसी भावना का प्रतीक है- जो शरीर को गर्माहट देती है और मन को संतोष। ब्रज के मंदिरों में आयोजित खिचड़ी महोत्सव केवल आहार परंपरा नहीं, बल्कि ऋतुचर्या, आयुर्वेद, भक्ति और लोकसंस्कृति का सुंदर समन्वय है।
राधाबल्लभ मंदिर का खिचड़ी महोत्सव: एक माह का सांस्कृतिक अनुष्ठान
वृंदावन के अनेक मंदिरों में खिचड़ी का भोग लगाया जाता है, किंतु श्री राधाबल्लभ मंदिर में आयोजित होने वाला खिचड़ी महोत्सव अपनी भव्यता, अवधि और परंपराओं के कारण विशिष्ट स्थान रखता है। महोत्सव पौष शुक्ल दौज से माघ शुक्ल प्रतिपदा तक, लगभग एक माह तक चलता है। इस दौरान प्रतिदिन मंगला आरती के समय श्रीजी को खिचड़ी का भोग निवेदित किया जाता है। समाज गायन, विशेष श्रृंगार और विविध झांकियां इस उत्सव को अद्वितीय बनाती हैं।
खिचड़ी: एक व्यंजन नहीं, सभ्यता की यात्रा
खिचड़ी का इतिहास भारत की सांस्कृतिक यात्रा जितना ही पुराना है। 14वीं सदी में भारत आए मोरक्को के प्रसिद्ध यात्री इब्न बतूता ने ‘खिशरी’ के रूप में इसका उल्लेख किया। 15वीं सदी में रूसी यात्री अफनासी निकितिन भी भारतीय खिचड़ी की चर्चा करते हैं। भारतीय लोकजीवन में खिचड़ी इतनी गहराई से रची-बसी है कि ‘बीरबल की खिचड़ी’ और ‘घी बनावै खीचड़ी, नाम बहू कौ होय’ जैसी कहावतें आज भी प्रचलित हैं लेकिन ब्रज-वृंदावन में खिचड़ी का अर्थ और भी व्यापक हो जाता है- यहां यह भक्ति, सेवा और संगीत से जुड़ जाती है।
लकड़ी की धीमी आंच पर पकती परंपरा
राधाबल्लभ मंदिर में बनने वाली खिचड़ी साधारण नहीं होती। इसे लकड़ी की धीमी अग्नि पर, पूर्णतः अपरस भाव से तैयार किया जाता है। इसमें प्रयोग होते हैं- जायफल, जावित्री, काली मिर्च, सोंठ, दालचीनी, केसर, बादाम, किशमिश, अंजीर, छुआरा और शुद्ध देसी घी। यह खिचड़ी सूखी, खिली हुई और सुगंधित होती है तथा मीठी और नमकीन- दोनों स्वरूपों में श्रीजी को अर्पित की जाती है।
खिचड़ी के संग सजता है भोग वैभव
खिचड़ी महोत्सव में केवल खिचड़ी ही नहीं, बल्कि विविध पारंपरिक व्यंजनों का भोग भी लगाया जाता है- आलू, मूली और आम के मीठे-खट्टे अचार, आलू मैथी, करेला, सैम, कचरिया, मूंग दाल पापड़, दही पकौड़ी, सोंठ पकौड़ी, केसर लौंजी, सैंगरी, बासौंधी, खीरसा, मलाई, मक्खन, श्रीखंड, गजक, रेवड़ी, फैनी, मैथी के लड्डू, मोहनथाल, मेवा लड्डू, अदरक कूचा और ऋतु फल। यह भोग ब्रज की पाक परंपरा और ऋतु आधारित खानपान का जीवंत उदाहरण है।
सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचती है प्रसादी खिचड़ी
इस सूखी और खिली हुई खिचड़ी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह लंबे समय तक सुरक्षित रहती है। देश-विदेश से आए श्रद्धालु इसे श्रद्धा भाव से अपने साथ ले जाते हैं और परिवार व संबंधियों में वितरित करते हैं। इस प्रकार खिचड़ी प्रसाद ब्रज संस्कृति का संदेश दूर-दूर तक पहुंचाता है।
जब खिचड़ी गाई जाती है: समाज गायन की परंपरा
खिचड़ी महोत्सव की आत्मा है समाज गायन। खिचड़ी भोग के समय प्राचीन ब्रजभाषा पदावलियों का गायन किया जाता है, जो इस उत्सव को विशिष्ट बनाता है। 18वीं सदी में चाचा हित वृंदावनदास द्वारा रचित खिचड़ी भोग से संबंधित पद आज भी समाज में गूंजते हैं, जिनमें खिचड़ी की सुगंध, भोग की विधि और भक्तिभाव का सुंदर वर्णन मिलता है।
ब्रजभाषा साहित्य में सुरक्षित है खिचड़ी उत्सव
वृंदावन शोध संस्थान के शोध अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा के अनुसार, ब्रजभाषा साहित्य में खिचड़ी उत्सव से संबंधित अनेक पांडुलिपियां उपलब्ध हैं, जो मुद्रण तकनीक से पूर्व की लिखित परंपरा की साक्षी हैं। भक्तिकाल में गोस्वामी किशोरीलाल, कमलनैन गोस्वामी, कुंजलाल जी, रूपलाल जी और चाचा वृंदावनदास जैसे आचार्यों ने खिचड़ी उत्सव को अपने साहित्य में स्थान दिया।
छद्म वेश की झांकियां और उमड़ता जनसैलाब
मंदिर के आचार्य सुकृतलाल गोस्वामी के अनुसार, सेवा विचार ग्रंथ में वर्णित परंपरा के अनुसार यह महोत्सव 22 दिसंबर से 19 जनवरी तक आयोजित होगा। इस दौरान प्रतिदिन निकुंज लीलाओं और छद्म वेश में विविध झांकियां सजेंगी- हस्तकमल दर्शन, चरण दर्शन, चित्रा सखी झांकी, आभूषण वाली सखी, पनघट लीला, मनिहारिन, नटवर वेश, तोता-मैना सखी, सांवरी सखी, गौचारण, भागवत वक्ता, छप्पन भोग लीला, वैद्य लीला, शंकर जी वेश और मानसरोवर सखी। बांके बिहारी जी और दाऊ जी के दर्शन का विशेष आकर्षण
खिचड़ी महोत्सव के दौरान जब श्रीजी ठाकुर श्रीबांके बिहारी जी और दाऊ जी के रूप में दर्शन देते हैं, तो श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ता है। विशेष श्रृंगार, भोग और समाज गायन के साथ यह दृश्य अत्यंत नयनाभिराम होता है।



