बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने अपने कहे पर ब्रजवासियों से मांगी माफी

  • Saturday February 15 2025 - 11:19 PM
  •  

बोले - ब्रजवासियों के लिए नहीं बाहरी लोगों के लिए कहा था वृंदावन छोड़ बाहर जाओ 

वृंदावन। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री  ने पूर्व में संत प्रेमानंद की यात्रा के विरोध होने पर ब्रजवासियों के लिए कहे बयान पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि जो लोग बाहर से आकर वृंदावन में बस गए, उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा का विरोध किया। उसे लेकर दुख हुआ। उन लोगों के लिए उन्होंने कहा था न कि ब्रजवासियों के लिए। ब्रजवासी उस बात को अपने लिए न समझें। 

उन्होंने ब्रजवासियों से माफी मांगते हुए एक वीडियो जारी की है। इसमें उन्होंने उनके लिए कहा था जिन्हें राधे-राधे और भक्तिभाव से दिक्कत है, ऐसे लोगों को वृंदावन छोड़कर बाहर चले जाना चाहिए। दिल्ली, मुंबई चले जाना चाहिए। संत की यात्रा का विरोध सनातन और ब्रज के लिए गलत था। इसलिए उन्होंने कहा था।

धीरेंद्र शास्त्री ने एक वीडियो जारी कर कहा ब्रजवासियों से माफी मांगी और कहा कि ब्रजवासी उनके प्राण है। ठाकुरजी के प्राणधन है। हमारी वाणी तो दूर िवचार में भी ब्रजवासियों के प्रति कुभाव प्रगट नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मलूक पीठधीश्वर करते हैं कि ब्रज का कोई भी ब्रजवासी स्वीकार कर ले तो समझो ठाकुरजी ने स्वीकार लिया है।

ज्ञात हो कि वृंदावन में धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर ब्राह्मण सेवा संघ ने शुक्रवार को रोष जताया और नगर के महर्षि परशुराम पार्क में सभा का आयोजन किया था। धीरेेंद्र शास्त्री का बयान आने के बाद ब्राह्मण सेवा संघ के अध्यक्ष आनंद वल्लभ गोस्वामी ने कहा कि उनके द्वारा गलती मान लेने और कहे पर ब्रजवासियों से माफी मांग लेने पर अब उनका कोई विरोध नहीं है ना ही कोई दुराभाव है।