स्वर्ण जड़ित गरुड़ की सवारी पर विराजमान होकर निकले भगवान रंगनाथ
वृन्दावन। श्री रंगनाथ मंदिर के ब्रह्मोत्सव के तहत तीसरे दिन प्रातः काल में भगवान रंगनाथ स्वर्ण जड़ित गरुड़ वाहन पर विराजमान होकर निकले। प्रातः काल भगवान रंगनाथ को वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य गरुड़जी पर विराजमान कराया गया। इसके बाद भगवान निज मंदिर से निकलकर बारहद्वारी स्थित मंडप के सामने पहुंचे। जहां मंदिर के पुजारियों द्वारा सस्वर पाठ किया गया। करीब 15 मिनट तक पाठ करने के पश्चात सवारी ने बड़े बगीचा के लिए प्रस्थान किया। बैंड बाजों की मधुर धुन और दक्षिण भारत की परम्परागत शहनाई की धुन के बीच सवारी बड़े बगीचा पहुंची।
इस दौरान भक्तों ने स्थान स्थान पर रंगोली सजाकर और आरती उतारकर भगवान को प्रसाद अर्पित किया। मंदिर के सेवायत पुरषोत्तम स्वामी ने बताया कि पक्षीराज गरुड़ जी वेदों की आत्मा है। उनके पंखों से सामवेद का गायन होता है। गरुड़जी पर वेद वैद्य भगवान विराजते हैं। इसी वाहन पर बैठकर प्रभु ने गजराज को ग्राह के फंदे से मुक्त कराया था।
गरुड़जी सेवा एवं भक्ति के प्रतीक हैं। इस सवारी के दर्शन का उद्देश्य प्राणी मात्र को प्रभु का स्मरण कराकर उसका ध्यान प्रभु भक्ति की ओर केंद्रित करना है। प्रभु का गरुडारूढ चिंतन ही मनुष्य को हनुमानजी की भांति भक्ति भाव प्रदान करने वाला है। भक्ति की भूमि श्री धाम वृन्दावन में इस सवारी के दर्शन से मनुष्य प्रभु की अहैतुकी कृपा प्राप्त कर भक्ति की ओर उन्मुख होता है।



