बृज में छाने लगा 40 दिवसीय होली का उल्लास, जानिए कब और कहां है होगी होली
मथुरा। बंसत पंचमी से बृृज में बंसती बयार शुरू हो गयी है, तो प्रकृति ने भी अंगड़ाई लेना शुरू कर दिया है। मंदिरों में डांढा गड़ने के साथ ही अबीर गुलाल उड़ने की शुरूआत हो गई। मथुरा हो या वृंदावन, नंदगांव हो या बरसाना या फिर गोकुल और बलदेव।
ब़ज में कहीं लठामार होली देखने को मिलेगी तो कहीं छड़ीमार। कहीं हुरियारिनें हुरियारों पर पोतना यानि कोड़े बरसाएंगी, तो सतरंगी बौछार में भीगने का आनंद मिलेगा। चंदन, चंपा, चमेली, जूही, गुलाब और गेंदा के टेसू जैसे अनेक फूलों की होली न केवल हुरियारे-हुरियारिन बल्कि श्रद्धालुओं को मदमस्त करेंगी। इसके साथ प्रेम संवेदनाएं सराबोर होती हुई दिखेंगी। बरसाना में लड्डू होली के दिन लड्डू लूटने को श्रद्धालुओं के बीच होड़ मचेगी तो हुरियारिनों के हाथ प्रेम से पगीं लाठियां खाने को भी हुरियारे मचलेंगे।
अनोखे हैं ब्रज के रीति-रिवाज
ब्रज की रीति-रिवाज खासियतों से भरी और अनोखे है। जिन्हें देखने, जीने और समझने के लिए देशी-विदेशी धर्म सैलानी भी ब्रज आते हैं। देश-दुनिया के लिए बसंत पंचमी का महत्व कुछ हो, मगर ब्रज के लिए तो ये अवसर ऐसे त्योहार का बुलावा देता है, जिस पर तीनों लोक बलिहारी हो जाते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी फूलों की होली मुख्य आकर्षण रहेगा। अनुमान है कि इस दौरान करीब एक हजार से अधिक कुंतल फूलों का इस्तेमाल होगा।
बृज के इन मंदिरों में हुई होली की शुरूआत
मंदिरों में अबीर-गुलाल, पद गायन भी-श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर बसंत पंचमी के दिन से अबीर-गुलाल रखवा दिया गया है। मंदिर द्वारिकाधीश में भी ठाकुरजी को अबीर-गुलाल लगाने का दौर शुरू हो गया है। बरसाना के लाड़ली जी मंदिर और नंदगांव के नंदबाबा मंदिर, बलदेव के दाऊजी मंदिर में फाग महोत्सव और समाज गायन का आरंभ हो गया है। गोस्वामी समाज की मंडली के गायन के साथ ही ढोलक-मजीरे आदि से वादन भी पूरा साथ देने की षुरूआत हो गयी है।
बृज में यहां इन डेटों में मनेगी अनौखी होली
- 10 मार्च फाग आमंत्रण (सखियों का न्यौता)
- 10 मार्च लड्डू होली बरसाना
- 11 मार्च लठामार होली बरसाना
- 12 मार्च लठामार होली नंदगाँव
- 14 मार्च श्री कृष्ण जन्मभूमि मथुरा
- 14 मार्च द्वारिकाधीश होली मथुरा
- 14 मार्च बांकेबिहारी होली वृन्दावन
- 16 मार्च छड़ीमार होली गोकुल
- 18 मार्च होलिका दहन
- 19 मार्च धुलेंडी
- 19 मार्च श्रीजी के सफेद छतरी में दर्शन
- 20 मार्च दाऊजी हुरंगा बलदेव
- 20 मार्च नंदगाँव हुरंगा नंदगाँव
- 20 मार्च जाब हुरंगा जाब
- 20 मार्च चरकुला मुखराई
- 21 मार्च हुरंगा बठैन
- 21 मार्च हुरंगा गिडोह
- 23 मार्च रंगपंचमी खायरा
- 25 मार्च वृन्दावन रंगनाथ की होली
बसंत पंचमी से होली का डांढा गड़ गया है। अबीर गुलाल भी उड़ने की शुरूआत हो गयी है। इस अवसर पर सर्वप्रथम राजाधिराज को गुलाल लगाया गया और समाज गायन की शुरूआत हुई। श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ रही है। यह सुअवसर पर ब्रज में 40 दिन चलेगा।
- चंद्रप्रकाश पांडेय के सौजन्य से



