गोमती रिवर फ्रंट पर 25 करोड़ का वॉटर लेजर शो
लखनऊ को मिलेगी नई पहचान: गोमती रिवर फ्रंट पर 25 करोड़ से लगेगा वॉटर लेजर शो, 266 करोड़ से होंगे 120 विकास कार्य
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विकास को एक नई रफ्तार मिलने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शहर के कायाकल्प के लिए 266 करोड़ की लागत वाली 120 विकास परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। अवस्थापना विकास निधि की बैठक में इन सभी महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इस महायोजना के तहत गोमती रिवर फ्रंट पर हाईटेक वॉटर लेजर शो, ऐतिहासिक बटलर पैलेस में आधुनिक लाइब्रेरी, पार्कों में ओपन जिम और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने जैसी कई बड़ी सौगातें शामिल हैं।
गोमती रिवर फ्रंट पर दिखेगा हाईटेक वॉटर लेजर शो
परियोजना के तहत गोमती नदी के बीचों-बीच एक भव्य वॉटर लेजर लाइट एंड साउंड शो शुरू किया जाएगा। करीब 25 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले इस शो में आधुनिक तकनीक के माध्यम से उत्तर प्रदेश के समृद्ध इतिहास, लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत और नवाबी कला को बेहद आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा, जो पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा।
ऐतिहासिक बटलर पैलेस में बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी
शहर की ऐतिहासिक धरोहर बटलर पैलेस को एक नया और आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। लगभग 5 करोड़ की लागत से यहां एक वर्ल्ड-क्लास लाइब्रेरी (आधुनिक पुस्तकालय) विकसित की जाएगी। इसके लिए भवन के आंतरिक परिसर का पूरी तरह से कायाकल्प किया जाएगा ताकि स्थानीय नागरिकों और छात्रों को बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें।
अग्निशमन और इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी मजबूती
हाईड्रॉलिक प्लेटफॉर्म: शहर की सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद बनाने के लिए 68 करोड़ की लागत से दो आधुनिक हाईड्रॉलिक प्लेटफॉर्म खरीदे जाएंगे।
ग्रीन कॉरिडोर: ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य जरूरी कार्यों पर 15 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
पार्कों का कायाकल्प: ओपन जिम और नए झूले
ओपन जिम: कानपुर रोड योजना, आशियाना और सरोजनी नगर समेत शहर के विभिन्न इलाकों के पार्कों में करीब 10.67 करोड़ की लागत से ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे।
बच्चों के लिए खेल क्षेत्र: शहर के 150 पार्कों में 6 करोड़ की लागत से बच्चों के लिए नए झूले और आधुनिक खेल उपकरण लगाए जाएंगे।
अंडरपासों का सौंदर्यीकरण और जल निकासी व्यवस्था
फसाड लाइटिंग: कमता अंडरपास, होटल ताज अंडरपास और पिकप भवन अंडरपास समेत शहर के प्रमुख अंडरपासों पर 5.50 करोड़ की लागत से फसाड लाइटिंग और क्लैडिंग का काम कराकर उन्हें खूबसूरत बनाया जाएगा।
ग्रामीण विकास: ग्राम सदरौना में करीब 10 करोड़ की लागत से बुनियादी अवस्थापना सुविधाओं का विकास होगा।
नाला निर्माण: जलभराव की समस्या से निपटने के लिए कैटिल कॉलोनी में 7.50 करोड़ और लोकबंधु चौराहे से एलडीए पार्किंग स्थल तक नए आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में लगी मुहर
पारिजात सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने की। बैठक में लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सभी परियोजनाओं का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। इस दौरान सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह और नगर निगम के मुख्य अभियंता महेश वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



