आईआईटी रुड़की की दो विशेषज्ञों की टीम बांकेबिहारी मंदिर पहुंची
मुंबई मेट्रो स्टेशन की तर्ज पर बांकेबिहारी मंदिर में लगेगी रेलिंग
- आईआईटी रुड़की की दो विशेषज्ञों की टीम बांकेबिहारी मंदिर पहुंची
- मंदिर की ढांचागत व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का किया निरीक्षण
- टीम की जांच रिपोर्ट के बाद ही मंदिर में लगेगी रेलिंग
- सात दिन में तकनीकि टीम उपकरणों के साथ आकर करेगी सर्वे
वृंदावन। सुप्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधन के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाईपावर कमेटी ने लगभग 150 वर्ष पुराने मंदिर की मजबूती और भीड़ प्रबंधन के सर्वे के लिए आईआईटी रुड़की की टीम को बुलाया है। विशेषज्ञों की दो सदस्यीय टीम ने मुंबई मेट्रो स्टेशन की तर्ज पर श्रद्धालुओं के लिए रेलिंग लगाने का सुझाव दिया है। टीम ने बताया कि विदेशों में लागू मॉडल यहां सफल नहीं हो सकता, क्योंकि मंदिर के ढांचे के सापेक्ष श्रद्धालुओं की भीड़ बहुत अधिक रहती है।
मंदिर का सर्वे करने से पहले आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम वृंदावन पहुंची। उन्होंने मंदिर के ढांचे को बारीकी से देखने के साथ ही प्रवेश और निकास द्वार का निरीक्षण किया। हाईपावर कमेटी के सदस्य और मंदिर प्रबंधन से बातचीत कर उन्होंने पूरे सिस्टम को समझा।
आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह और उनके साथ आए विशेषज्ञ ने हाईपावर कमेटी के सदस्य एवं मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी, मंदिर प्रबंधक मुनीष कुमार और उमेश सारस्वत के साथ मंदिर के सभी भागों का निरीक्षण किया। टीम ने गर्भगृह के बाहर जगमोहन, उसके दोनों ओर की तिवारी, चौक, इसके दोनों ओर बने कमरे, पीछे का चौक, सभी प्रवेश और निकास द्वारों तथा चबूतरों और श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया।
टीम ने यह भी आकलन किया कि मंदिर की वर्तमान क्षमता कितनी है और प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं की औसत संख्या कितनी होती है। हाईपावर कमेटी के सदस्य एवं मंदिर सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि आईआईटी रुड़की से प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह और उनकी टीम ने आज मंदिर का प्राथमिक निरीक्षण किया और आवश्यक तकनीकी जानकारी जुटाई है। लगभग एक सप्ताह में टीम अपने उपकरणों के साथ पुनः मंदिर आएगी और विस्तृत सर्वे करेगी। टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
दिनेश गोस्वामी ने बताया कि इससे पहले भी मंदिर की ढांचागत व्यवस्था में सुधार के लिए कोविड काल में आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञों की टीम आई थी। उस समय मंदिर के आंगन की मरम्मत का कार्य कराया गया था। अब उस रिपोर्ट को भी आईआईटी रुड़की की टीम के समक्ष प्रस्तुत किया गया है ताकि दोनों रिपोर्टों के आधार पर मंदिर में रेलिंग और भीड़ प्रबंधन की नई योजना बनाई जा सके।



