मथुरा जंक्शन पर लगातार हो रही चेन पुलिंग, 3 महीने में 201 यात्रियों ने चेन पुलिंग

  • Tuesday April 23 2024 - 12:57 AM
  •  

  • अधिकांश एक्सप्रेस, सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव दो से पांच मिनट है मथुरा स्टेशन पर
  • सैकड़ों की संख्या में रहती है प्रत्येक ट्रेन में चढ़ने व उतरने वालों की भीड़
  • समय कम होने के चलते कभी छूट जाते हैं अपने तो कभी सामान
  • चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकने को मजबूर होते हैं यात्री
  • लंबे समय से चल रही है ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाने की मांग

मथुरा। जंक्शन पर हर महीने चेन पुलिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। पिछले तीन महीने में आरपीएफ ने 200 से ज्यादा यात्रियों के विरूद्ध कार्रवाई की है। उनसे जुर्माना भी वसूला गया। रेल यात्री मानते हैं कि ट्रेनों के ठहराव का समय कम होने के कारण यात्री को मजबूरन चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकनी पड़ती है।

ट्रेन की चेन पुलिंग करना कानूनन अपराध है। बिना वजह ट्रेन की चेन पुलिंग करने वाले यात्रियों को आरपीएफ टीम द्वारा पकड़ा जाता है। ऐसा करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 141 के तहत कार्रवाई की जाती है। आरपीएफ द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में 76, फरवरी में 47 और मार्च में 78 रेल यात्रियों को चेन पुलिंग के आरोप में पकड़ा गया है। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर निर्धारित जुर्माना वसूला गया है। प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ अवधेश गोस्वामी ने बताया कि चेन पुलिंग करने वाले यात्रियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

लंबे समय से चली आ रही ट्रेन का ठहराव का समय बढ़ाने की मांग

जंक्शन पर यात्रियों की भीड़। ट्रेन के अंदर भी खचाखच भीड़। ऐसे में दो मिनट के अंदर ट्रेन में चढ़ जाना आसान नहीं होता। कुछ दिन पहले ग्वालियर जाने के लिए जंक्शन पर पहुंचे परिवार की नाबालिग बेटी ट्रेन में चढ़ गई। जबकि माता-पिता और भाई प्लेटफार्म पर ही खड़े रह गए। वजह ये थी कि ट्रेन में भीड़ ज्यादा थी। ट्रेन का ठहराव भी दो मिनट का था। इसके बाद परिजन दूसरी ट्रेन पकड़कर आगरा पहुंचे। अपनी नाबालिग बेटी से मिले। इसके अलावा ट्रेन में सफर के दौरान भोपाल निवासी महिला का पर्स चोरी हो गया था। महिला ने चेन पुलिंग कर दी तो आरपीएफ ने उन्हें पकड़ लिया। वारदात की जानकारी होने पर महिला और उनके परिवार को छोड़ा गया। तब तक चोर उनका सामान लेकर गायब हो गया। रेल यात्रियों का कहना है कि जंक्शन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव बढ़ाया जाना चाहिए। इससे हादसे का खतरा कम होगा। यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

जानिए किस स्थिति में की जा सकती है चेन पुलिंग

आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अवधेश गोस्वामी के मुताबिक चेन पुलिंग के लिए बड़ा कारण होना जरूरी है। अगर ट्रेन में आग लग गई है। ट्रेन में बदमाश घुस आए हों। बड़ी आपराधिक वारदात हो गई हो। या फिर किसी बीमार व्यक्ति की तबियत अचानक बिगड़ गई हो। इन हालातों में यात्री चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवा सकते हैं।

प्रतिदिन  जंक्शन पर पहुंचते हैं करीब 65 हजार श्रद्धालु

मथुरा जंक्शन पर हर दिन करीब 65 हजार श्रद्धालु ट्रेन पकड़ने के लिए पहुंचते हैं। इनमें कई श्रद्धालु परिवार और पूरे सामान के साथ ट्रेन में सफर करते हैं। ऐसे में कई बार ट्रेनों का ठहराव कम होने के कारण यात्री की ट्रेन छूट जाती है। परिवार के कुछ सदस्य ट्रेन में चढ़ जाते हैं। कुछ प्लेटफार्म पर ही खड़े रह जाते हैं। ऐसे में कई बार लोगों को मजबूरी में भी चेन पुलिंग करनी पड़ जाती है।

इन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव है दो मिनट का

आगरा कैंट एक्सप्रेस - 2 मिनट

होशियारपुर एक्सप्रेस - 2 मिनट

हीराकुड एक्सप्रेस - 2 मिनट

अगस्त क्रांति तेजस राजधानी- 2‌ मिनट इसके अलावा भी कई ट्रेनें हैं। जो जंक्शन स्टेशन पर दो से पांच मिनट के लिए रुकती है।  

क्या कहते हैं यात्री 

मध्य प्रदेश के सतना निवासी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मथुरा में हर दिन हजारों लोग आते हैं। इस लिए जंक्शन पर आने वाली ट्रेनों का ठहराव समय बढ़ाया जाना बेहद जरूरी है।

कासगंज निवासी रेलयात्री एसपी आनंद ने बताया कि जंक्शन पर ट्रेनों का ठहराव समय बढ़ाया जाना बेहद जरूरी है। ठहराव समय कम होने के कारण कई बार रेल यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में हादसे का शिकार हो चुके हैं। 

आरपीएफ थाना प्रभारी अवधेश गोस्वामी ने बताया कि बहुत जरूरी कारण होने पर ही ट्रेन की चेन पुलिंग की जा सकती है। बिना वजह ट्रेन की चेन पुलिंग करने वालों को पकड़ा जाता है। उनके खिलाफ रेलवे एक्ट की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाती है।