नारी सम्मान पर राजनीति नहीं, अधिकार की बात हो: संदीप सिंह

  • Monday April 27 2026 - 07:56 PM
  •  

  • वृंदावन में 'नारी शक्ति स्वाभिमान गोष्ठी' का आयोजन
  • राहुल गांधी का पुतला दहन

वृंदावन। उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने रविवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी भागीदारी कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि उनका संवैधानिक अधिकार है। राज्य मंत्री संदीप सिंह के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा एवं पार्टी पदाधिकारियों ने नारी शक्ति स्वाभिमान पदयात्रा निकाली। इसके बाद नगर निगम चौराहा पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला दहन करने के साथ ही नारेबाजी की।  

गीता शोध संस्थान स्थित यीडा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता और उसके बाद लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन में आयोजित 'नारी शक्ति स्वाभिमान गोष्ठी' के दौरान मंत्री संदीप सिंह ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम बताया।

विपक्ष पर प्रहार: मंत्री संदीप सिंह ने कांग्रेस, सपा, टीएमसी और डीएमके जैसे दलों पर तुष्टिकरण और भ्रम फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को वास्तविक भागीदारी देने का समय आता है, तो ये दल विरोध में खड़े हो जाते हैं।

अधिकार बनाम कृपा: उन्होंने स्पष्ट किया कि नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना किसी सरकार की कृपा नहीं, बल्कि उनका अधिकार है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमली जामा पहनाया गया है।

तुष्टिकरण का विरोध: सपा द्वारा 'कोटे के भीतर धर्म आधारित आरक्षण' की मांग पर निशाना साधते हुए उन्होंने इसे मूल प्रश्न से भटकाने वाली राजनीति करार दिया।

गोष्ठी में जुटे दिग्गज

लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन में गोष्ठी में कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे:

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की पूर्व सदस्य मंजू दिलेर ने कहा कि नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त धुरी है और आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने भारतीय संस्कृति में नारी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सशक्तिकरण भाजपा सरकार का संकल्प है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू ने विपक्ष को महिला सम्मान जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीति न करने की सलाह दी।

राहुल गांधी का पुतला दहन

गोष्ठी के उपरांत महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने महिला सम्मान के समर्थन में और कांग्रेस के विरोध में जमकर नारेबाजी की। जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि इस प्रदर्शन का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों के प्रति जनजागरण करना था।

इस अवसर पर विधायक मेघश्याम सिंह, विधान परिषद सदस्य ठाकुर ओम प्रकाश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिला महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, पूजा चौधरी, श्याम शर्मा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।