यमुना की दुर्दशा देख भावुक हुए राधारानी ब्रजयात्रा के यात्री।
यमुना की दुर्दशा देख भावुक हुए राधारानी ब्रजयात्रा के यात्री, अविरल-निर्मल प्रवाह की उठाई जोरदार मांग
- बाल्हारा से यमुना पार कर वंशीवट पहुंची ब्रजयात्रा
- वंशीवट में भक्ति नृत्य और भांडीर वन में श्रीराधा-कृष्ण विवाह स्थल के किए दर्शन
मथुरा। बाल्हारा गांव में रात्रि विश्राम के बाद श्रीराधारानी ब्रजयात्रा के यात्री प्रातःकाल यमुना तट पर पहुंचे। यहां से यमुना पार कर यात्रा ने वंशीवट और भांडीर वन की ओर प्रस्थान किया। यमुना तट पर पहुंचकर यात्रियों की इच्छा यमुना जल में स्नान और आचमन कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की थी, लेकिन यमुना के जल से उठती तीव्र दुर्गंध और यात्रा प्रबंधन समिति के कड़े निर्देशों के चलते यात्री ऐसा नहीं कर सके।
- बाल्हारा से यमुना पार कर वंशीवट पहुंची ब्रजयात्रा
यमुना की दुर्दशा देखकर मान मंदिर के पदाधिकारियों और यात्रा प्रबंधन समिति के सदस्यों ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यमुना से जुड़े राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें होने के बावजूद वर्ष 2015 के आंदोलन के दौरान किए गए वायदे पूरे नहीं हो सके। देश की प्रमुख नदियों में शामिल और भगवान श्रीकृष्ण की पटरानी यमुना की ऐसी उपेक्षा क्यों की जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि छोटे-छोटे आंदोलनों के दबाव में निर्णय लिए जाते हैं, लेकिन वर्ष 2015 में एक लाख ब्रजवासियों के यमुना आंदोलन की आवाज को अनसुना कर दिया गया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार से अविलंब यमुना को अविरल और निर्मल बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यमुना की रक्षा के लिए यात्री किसी भी स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं। यमुना पार करने के बाद यात्रियों ने वंशीवट में भगवान श्रीकृष्ण की वंशी धुन का स्मरण करते हुए भक्ति नृत्य और गायन किया। इसके बाद भांडीर वन पहुंचकर श्रीराधा-कृष्ण विवाह स्थल के दर्शन किए। निर्धारित पड़ाव स्थल पर पहुंचकर यात्रियों ने विश्राम किया।
यात्रा में राधाकांत शास्त्री, ब्रजशरण, ब्रजदास, नीलमणि दास, कृष्णदास, नृसिंह दास, राजकुमार शास्त्री, महेश शास्त्री, संजय प्रधान, शंकर बाबा और डॉ. रामजी लाल शास्त्री सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।



