लड्डू गोपाल संग विवाह रचाने वाली प्रिया ने वृंदावन के होटल में मनाई शादी की सालगिरह

  • Friday December 01 2023 - 12:13 AM
  •  

  • - फरीदाबाद की प्रिया ने वृंदावन के होटल में किया समारोह में परिजन व रिश्तेदार हुए शामिल
  • - समारोह पर आठ लाख से अधिक का खर्च आया
  • - पिछले साल 29 नवंबर को की थी ठाकुरजी संग शादी

वृंदावन (मथुरा)। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी कृष्ण भक्त प्रिया की ठाकुरजी से ऐसी प्रीत लगी कि वह घर-परिवार छोड़कर एक साल पहले वृंदावन आ गईं और कान्हा संग 7 फेरे लिए। शादी को एक साल होने पर बुधवार रात वृंदावन के रमणरेती मार्ग स्थित एक होटल में धूमधाम से पहली सालगिरह मनाई। समारोह में संत, परिजन और रिश्तेदार शामिल हुए। समारोह में आठ लाख रुपये से अधिक खर्च होना बताया जा रहा है।

प्रिया ने 29 नवंबर 2022 को वृंदावन में लड्डू गोपाल संग शादी की थी। शादी की वर्षगांठ मनाने के लिए परिजनों और रिश्तेदारों के साथ वृंदावन पहुंची। यहां होटल बुक किया और इसकी सजावट भी करवाई। मेहमानों को न्योता दिया गया। समारोह में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति का शृंगार किया गया। उन्हें सेहरा पहनाया। भगवान का यह रूप देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। सबसे पहले कान्हा को स्टेज पर लाया गया और बाद प्रिया का आगमन हुआ।

दुल्हन की तरह सजी प्रिया घूंघट निकालकर कान्हा के सामने आईं। पति रूप में विराजमान भगवान को देखा तो भाव विह्लल होकर नाचने लगीं। पहली सालगिरह को भव्य तरीके से मनाने में प्रिया ने किसी तरह की कसर नहीं छोड़ी। स्टेज पर पहुंचने के बाद प्रिया ने पहले ठाकुरजी के गले में वरमाला डाली। इसके बाद ठाकुरजी के हाथ लगवाकर खुद वरमाला पहनी। भगवान संग अटूट भक्ति को देख वहां मौजूद हर कोई राधे-राधे कहता रहा।

प्रिया ने कहा कि हर पति शादी की वर्षगांठ पर पत्नी को गिफ्ट देता है। हमारे कान्हा ने भी बहुत सुंदर रिंग गिफ्ट में दी है। उन्होंने बताया कि जो मेरे विवाह को मान नहीं रहे थे, आज वह भी इस समारोह में शामिल हुए। पिता, भाई, बहन और रिश्तेदारों संग 350 से अधिक लोग मेरी शादी की सालगिरह के साक्षी बने हैं। इससे मुझे बेहद खुशी है।

मूलत: पलवल निवासी प्रिया के पिता राजपाल लंबरदार ने बताया कि प्रिया का जन्म फरीदाबाद में हुआ। बचपन में उसे सीता कहते थे। वह 6 साल की उम्र से ही ताई के साथ छिपकर वृंदावन आती थीं। बाद में उसने किराए पर मकान ले लिया और मां को भी साथ ले आई। 24 दिनों तक मां को अपने पास रखा। उसे वृंदावन से वापस घर ले जाने के लिए काफी जतन किए, लेकिन वह नहीं गई। आखिरकार हम हार गए और बेटी प्रिया जीत गई। पिछले साल वह भगवान कृष्ण की हो गई।

1 वर्ष पहले की थी शादी 

हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली  सीता अब वृंदावन में प्रिया बनकर रह रही हैं। 1 वर्ष पहले 29 नवंबर को उन्होंने बांके बिहारी के स्वरूप लड्डू गोपाल से पूरे विधि विधान से शादी की। भगवान से विवाह करने के लिए प्रिया को 14 वर्ष इंतजार करना पड़ा। 

भगवान से शादी के लिए किया 14 वर्ष इंतजार 

प्रिया ने बताया कि वह जब 6 वर्ष की थी तब वह छुपकर अपनी ताई के साथ गोवर्धन और वृंदावन आ जाती थीं। प्रिया ने बताया उनका परिवार कट्टर आर्य समाजी था और मूर्ति पूजा का विरोध करता था। घर वापस लौटने पर पिटाई भी होती थी। लेकिन भगवान से उनकी चाहत बढ़ने लगी और उम्र बढ़ने के साथ साथ उनसे मोहब्बत हो गई। 14 वर्ष पहले भगवान के लिए घर छोड़ दिया। लेकिन बिना माता पिता की सहमति के शादी न करने का मन बना लिया। 14 वर्ष बाद जब मां से कहा क्या वह अपनी बेटी का कन्या दान नहीं करेंगी तो मां ने सहमति दे दी और 29 नवंबर 2022 को कर डाली अपने प्रिय प्रियकांत उर्फ पीहू से शादी। 

चंडीगढ़ पुलिस में प्रिया रहीं सब इंस्पेक्टर 

हरियाणा की रहने वाली प्रिया ने बताया कि उन्होंने MBA,PhD की है। वह बॉलीबॉल की खिलाड़ी रहीं और यूनिवर्सिटी टॉप किया था। वहीं से उनका स्पोर्ट्स कोटा में चंडीगढ़ फोरेंसिक में एसआई पर चयन हुआ। कुछ दिन नौकरी की लेकिन फिर मन गोपाल जी की तरफ लगने लगा और नौकरी छोड़ दी। इसके बाद इंडिगो एयर में HR एयर होस्टेज बनी। यहां भी वही हाल रहा और फिर सब कुछ छोड़कर चली आईं वृंदावन।