ब्रज में रंगोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर बैठक करते प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी।
बरसाना में लड्डू होली 7 एवं लट्ठामार होली 8 मार्च को, मुख्यमंत्री के आने की संभावना
- बरसाना में पार्किंगों पर लगेंगे क्यूआर. कोड से श्रद्धालुओं को अपनी पार्किंग ढूंढने में होगी आसानी
- बरसाना में 32 जर्जर भवन चिन्हित, गिराने के लिए प्रशासन ने जारी किए नोटिस
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, मंडलायुक्त आगरा शैलेंद्र कुमार सिंह एवं पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार ने रंगोत्सव 2025 की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की।
बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लड्डू एवं लट्ठमार होली के आयोजन के संबंध में चर्चा की। इस बार बरसाना में लड्डू होली 7 मार्च और लठ्ठामार होली 8 मार्च को होगी। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। समीक्षा बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि होली के इस उत्सव में देश ही नहीं विदेशी भी शामिल होते हैँ। ऐसे में यहाँ पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं से विन्रम, सरल एवं मृदुल व्यवहार रखें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु मथुरा की अच्छी छवि लेकर जाए। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
पार्किगों पर क्यूआर कोड स्थापित होंगे
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने निर्देशित किया कि बरसाना की सभी पार्किंगों की मैपिंग एवं नंबरिंग करते हुए उनका अधिकाधिक प्रचार प्रसार करें। बरसाना को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर बड़े बड़े दिशा सूचना चिन्ह लगाए जाए। पार्किंगों पर क्यू.आर. कोड स्थापित करे, जिससे कि श्रद्धालुओं को अपनी पार्किंग खोजने में कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित पार्किंग एवं सुगम यातायात व्यवस्था भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने में अहम भूमिका निभाती है।
पार्किंगों की होगी ऑन लाइन बुकिंग
पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पार्किंगों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि रोप-वे वाले मार्ग पर अधिक पुलिस बल तैनात किया जाए, जिससे भीड़ नियंत्रण हो सके। उन्होंने एसपी ट्रैफिक को निर्देश दिए कि बरसाना को जाने वाले सभी मार्गों पर क्रेन की सुविधा होनी चाहिए।
सुरक्षा के होंगे विशेष इंतजाम
बैठक में मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि बरसाना को जोड़ने वाले समस्त मार्गों को गड्ढा मुक्त करते हुए आस पास झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित करे। बरसाना की सभी पार्किंगों, वॉच टॉवर, बैरियर, बैरीकेडिंग आदि कार्यों को गुणवत्ता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। श्री राधारानी मंदिर के मार्गों पर डबल बैरीकेडिंग करने के निर्देश दिए। कुंडो पर मजबूत बैरीकेडिंग सुनिश्चित करे।
रंगीली गली के समीप 32 जर्जर भवन चिन्हित, होंगे ध्वस्त
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा साफ सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। नगर पंचायत एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा सर्वे किया गया जिसमें रंगीली गली तथा आस पास के क्षेत्र में 32 जर्जर भवनों को चिन्हित किया गया है तथा सभी को नोटिस जारी किए गए हैं। मेला से पहले सभी को ध्वस्त कराया जाएगा या फिर भवनों के आस पास बैरीकेडिंग सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त शंशाक चौधरी, एडीएम वित्त योगानंद पांडेय, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय कुमार आदि मौजूद रहे।



