विराट-अनुष्का ने संत प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद
विराट-अनुष्का ने संत प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद, एक घंटे सत्संग सुना
- एकांतिक वार्ता में संत से बोलीं अनुष्का- हम आपके हैं
वृंदावन। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मंगलवार सुबह वृंदावन पहुंचे। उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के रमणरेती स्थित श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम में करीब एक घंटे तक सत्संग सुना। दोनों हाथ जोड़कर आम भक्तों के साथ बैठे और अंत में गुरुजी से आशीर्वाद लिया।
दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली एवं अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मंगलवार सुबह दिल्ली से कार से वृंदावन आए। फॉर्च्यूनर कार से वे समय से पहले संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे।संत प्रेमानंद महाराज ने उन्हें सत्संग में दीक्षा और पूर्ण शरणागति का अर्थ समझाते हुए कहा कि दीक्षा शरणागति की पहली सीढ़ी है और जीवन में परम आश्रय प्रभु को ही देना चाहिए। उन्होंने अर्जुन के उदाहरण से समझाया कि जब व्यक्ति पूर्ण शरणागत होता है, तब भगवान स्वयं जीवन-यात्रा संभालते हैं। इस दौरान अनुष्का शर्मा के “हम आपके हैं” कहने पर महाराज ने मुस्कराते हुए कहा कि हम सब श्रीजी के हैं, आनंदपूर्वक रहो और अपने काम को भगवान की सेवा समझो।
सत्संग के बाद वे सीधे दिल्ली लौट गए। आश्रम से निकलते समय प्रशंसकों की भीड़ के कारण उनकी गाड़ी जाम में फंस गई, जिसे पुलिस ने लगभग 15 मिनट में खुलवाया और उनकी गाड़ी को निकाला।



