पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने परिवार संग किए ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन,

  • Saturday August 08 2026 - 12:06 AM
  •  

ब्रज प्रवास की शुरुआत, तीन दिन परिवार सहित मंदिरों की पूजा करेंगे पूर्व राष्ट्रपति

ठाकुरजी के चरणों में नवाया शीश, दीप प्रज्वलित कर इत्र सेवा भी की; देश में शांति और मानव कल्याण के लिए की कामना

वृंदावन। ब्रज की भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर वृंदावन में शुक्रवार को देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे। पत्नी, बेटी और अन्य रिश्तेदारों के साथ उन्होंने ठाकुर श्री बांकेबिहारी के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्होंने ठाकुरजी के चरणों में शीश नवाया और देश-विश्व के कल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।   

पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर श्री बांकेबिहारी मंदिर में सुबह से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। मंदिर परिसर की विशेष साफ-सफाई कराई गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गेट नंबर एक से वीआईपी कठघरे तक की रेलिंग हटाई गई और उनके आवागमन के समय गेट नंबर दो से श्रद्धालुओं का प्रवेश कुछ समय के लिए रोक दिया गया, जबकि आम श्रद्धालुओं को गेट नंबर तीन से दर्शन कराए जाते रहे।   

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का काफिला गोल्फ कोर्ट के माध्यम से वीआईपी पार्किंग होते हुए श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुंचा। मंदिर परिसर में बिछे लाल कालीन पर उन्हें दर्शन के लिए ले जाया गया। मंदिर में पहुंचते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने गगनभेदी जयकारा लगाया। परिवार सहित बांके बिहारी लाल की चौखट पर पहले उन्होंने शीश नवाया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। फिर जगमोहन की देहरी पर इत्र सेवा की और दीप प्रज्वलित किया।

सेवाधिकारी अनिल गोस्वामी और आनंद गोस्वामी ने पूर्व राष्ट्रपति एवं उनके परिवार का परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया तथा उन्हें माला व प्रसादी पटुका भेंट कर उनका भव्य अभिनंदन किया व ठाकुरजी का आशीर्वाद प्रदान किया। ब्रज की इस पारंपरिक मेहमाननवाजी से पूर्व राष्ट्रपति बेहद अभिभूत नजर आए। कुछ समय के लिए उन्होंने बांकेबिहारी लाल की मनमोहक छवि को निहारा और विश्व कल्याण के लिए प्रार्थना की। मंदिर के बाहर चबूतरे पर तीन सफेद रंग की कुर्सियां लगाई गई थीं। उनके आगमन से पहले सुरक्षा कर्मियों ने पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र की जांच की। पुलिसकर्मी और सिक्योरिटी गार्ड व्यवस्था संभालने के लिए तैनात रहे।

आधे घंटे तक रोक-रोककर भेजे गए श्रद्धालु

पूर्व राष्ट्रपति के मंदिर आगमन और वापसी के दौरान सुरक्षा कारणों से उनके आने-जाने वाले मार्ग पर वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए श्रद्धालुओं को रोक-रोककर मंदिर में प्रवेश दिया जाता रहा।   

ठाकुर बांकेबिहारी से मांगा विश्व कल्याण का आशीर्वाद

दर्शन के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ने ठाकुर श्री बांकेबिहारी महाराज से देश और दुनिया की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि विश्व में मानवता की भावना जागृत रहे, हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और सभी लोगों का कल्याण हो। उन्होंने कहा कि ठाकुर श्रीबांकेबिहारी सभी भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखें और सबका ध्यान रखें।   

प्रेम मंदिर में दर्शन, धानुका आश्रम में देखी रासलीला

श्री बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के बाद पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद परिवार सहित प्रेम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने राम मंदिर और राधा-कृष्ण के दर्शन किए। वहीं कृपालु महाराज का पूजन करने के बाद फुव्वारे को देखा और पुरानी यादों पर चर्चा की। वह पांच वर्ष पूर्व भी प्रेम मंदिर में आए थे। इसके बाद वह धानुका आश्रम पहुंचे, जहां आयोजित रासलीला में शामिल हुए। उन्होंने ब्रज की धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का आनंद लिया।

दूसरे दिन यहां जाएंगे पूर्व राष्ट्रपति

शनिवार सुबह वह विवांता होटल से रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम जाएंगे। वहां से सिग्नेचर वृंदावन धाम का शुभारंभ करेंगे और रामकथा में सहभागिता करेंगे। इसके बाद वह इस्कॉन (ओल्ड) और इस्कॉन मंदिर जाएंगे।