ऑपरेशन सिंदूर: भारत ने पाकिस्तान में 300 किमी अंदर तक किया था हमला, वायुसेना प्रमुख एपी सिंह का बड़ा खुलासा

  • Friday October 03 2025 - 10:41 PM
  •  

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत ने पाकिस्तान के भीतर 300 किलोमीटर अंदर तक हमला किया था। यह अब तक की सबसे लंबी दूरी का ऑपरेशन था, जिसने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया और उसे अपने ही क्षेत्र में कार्रवाई करने में असमर्थ बना दिया।

दुश्मन के क्षेत्र में 300 किमी तक घुसा भारत

एयर चीफ मार्शल ने बताया कि भारतीय वायुसेना ने इस ऑपरेशन के दौरान न केवल दुश्मन की सीमा में प्रवेश किया, बल्कि उच्च सटीकता के साथ आतंकवादी ठिकानों को निशाना भी बनाया। उन्होंने कहा कि यह मिशन रणनीतिक रूप से बेहद सफल रहा और इसने भारत की वायु शक्ति और तैयारी को साबित किया।

पाकिस्तानी दावे “मनोहर कहानियां”

पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने भारतीय वायुसेना के कई विमान मार गिराए हैं। इस पर एपी सिंह ने कहा कि ये दावे महज “मनोहर कहानियां” हैं। उन्होंने सवाल किया कि पाकिस्तान अगर वाकई भारतीय विमानों को मार गिराता, तो क्या वह सबूत नहीं दिखाता? एपी सिंह ने कहा, “क्या आपने एक भी तस्वीर देखी है जहां हमारे किसी एयरबेस को नुकसान हुआ हो, कोई हैंगर तबाह हुआ हो या विमान गिरा हो? पाकिस्तान एक भी तस्वीर नहीं दिखा सका। जबकि हमने उनके ठिकानों की कई तस्वीरें सबूत के तौर पर साझा कीं।”

“हमारे बेड़े में 15 विमान कम मान लें”

एक सवाल पर उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “अगर पाकिस्तान को लगता है कि उसने हमारे 15 जेट गिराए हैं, तो उन्हें ऐसा मानने दीजिए। जब वे दोबारा लड़ाई के लिए आएंगे, तो सोचेंगे कि हमारे पास 15 विमान कम हैं। हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”

ऑपरेशन सिंदूर क्यों था अहम

एयर चीफ मार्शल ने बताया कि यह ऑपरेशन पहलगाम की घटना के बाद शुरू किया गया था। इसका मकसद आतंकवादी शिविरों और उनके संरक्षकों को कड़ा संदेश देना था। भारतीय वायुसेना को इस मिशन में नौ में से दो प्रमुख लक्ष्यों को ध्वस्त करने की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसमें उसने सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में भारत की वायु रक्षा प्रणाली और तीनों सेनाओं के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला।