अब यमुना एक्सप्रेसवे 8 लेन का होगा, जाम से मिलेगी निजात
नोएडा। ग्रेटर नोएडा से लेकर आगरा तक बने 165 किलोमीटर लंबे और 100 मीटर चौड़े यमुना एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण (यीडा) लगातार कोशिश कर रहा है। ठंड के दिनांे में कोहरे के कारण भारी और हल्के वाहनों की गति कम की गई है। ताकि दुर्घटनाओं पर लगाम लग सके। इसके बाद भी लोगों की हादसे में जान जा रही है। हादसे यीडा के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यमुना एक्सप्रेसवे को 6 लेन से आठ लेन करने की तैयारी चल रही और इसकी डीपीआर बनाई जा रही है।
बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर मंगलवार को दुर्घटना हुई, जहां टमाटर लदा एक कैंटर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। इसमें ड्राइवर दानिश और रिहान गंभीर रूप से घायल हो गए। इसका संज्ञान लेते हुए यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने यमुना एक्सप्रेसवे के मेंटेनेंस, रिपेयर और ऑपरेशन के लिए उत्तरदाई संस्था जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड से रिपोर्ट मांगी थी। इस संबंध में जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड ने अपनी रिपोर्ट में एक्सप्रेसवे के साइड पर सुरक्षा के लिए जो बीम लगाई गई है, उसे एक बड़ा कारण बताया है।
जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बीम की ऊंचाई आधा मीटर है, जिसके कारण इस प्रकार के हादसे होते हैं। पहले भी इस तरह के हादसे हुए है।सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया इंडियन रोड कांग्रेस का पहले जो नॉर्म्स थे उसके अनुसार जो सुरक्षा के लिए बीम (रेलिंग) लगाई गई है, उसकी उचाई आधा मीटर है,लेकिन अब इसको इंडियन रोड कांग्रेस ने चेंज कर ऊंचाई को 2.5 मीटर कर दिया है,जैसे कि सेंट्रल वर्ज पर जो हाई बीम लगाया गया, उससे 50 फीसदी दुर्घटनाओं में कमी आई है,लेकिन रोड के साइड में जो बीम लगे हैं उनको तोड़कर दो घटनाएं हुई हैं। इसी प्रकार एक्सप्रेसवे की दोनों साइडों में सुरक्षा के लिए जो बीम लगे हैं, उनकी हाइट को 2.78 की ऊंचाई तक करने का निर्णय लिया गया, दुर्घटनाओं में काफी कमी आएगी।
सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे को अब 6 लेन से 8 लेन का कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 32 हजार वाहन प्रतिदिन इस पर गुजरते हैं।कंसेशन एग्रीमेंट में यह बात पहले से लिखी हुई है कि अगर टोल पर वाहनों की संख्या 32000 प्रतिदिन के आसपास हो जाएगी तो इसे 6 लेन से आठ लेन का कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि टेक्निकल रोड सेफ्टी कमेटी के नॉर्म्स के अनुसार 15 दिन के अंदर इसका डीपीआर तैयार हो जाएगा। डीपीआर तैयार होने के बाद इसके 8 लेन का कार्य भी शुरू हो जाएगा।इसके विस्तार का पूरा खर्च जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड को ही उठाना है।
आपको बताते चलें कि यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दिन में लगभग 32 हजार वाहन गुजरते हैं। आगे भी वाहनों की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है। त्योहार या वीकेंड पर अक्सर टोल प्लाजा पर जाम लग जाता है। अब जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तैयार होने के बाद इस पूरे एरिया में आबादी बढ़ेगी। इस पूरे इलाके में नोएडा एयरपोर्ट, नोएडा फिल्म सिटी, टॉय सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी लॉन्च हो रहे हैं। इसका भी असर यमुना एक्सप्रेसवे पर पड़ेगा। ऐसे में यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों का ज्यादा दबाव न बढ़े, उसी को देखते हुए इसे 8 लेन का किया जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसों को रोकने के लिए भी काफी कार्य कराए गए हैं। जिससे पिछले वर्ष हादसों में भी कमी आई है।



