एकांतवास के बीच बुलेट पर सवार होकर निकले संत प्रेमानंद
वृंदावन: एकांतवास के बीच बुलेट पर सवार होकर निकले संत प्रेमानंद, यमुना किनारे की साधना; भाईदूज पर दर्शन पाकर निहाल हुए भक्त
वृंदावन। इन दिनों एकांतवास में चल रहे संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन पाने के लिए भाईदूज का दिन अनुयायियों के लिए बेहद खास और यादगार बन गया। लंबे समय से नियमित दर्शन न हो पाने के कारण भक्त प्रतिदिन मांट क्षेत्र के जहांगीरपुर स्थित यमुना किनारे बने उनके नए आश्रम के आसपास जुट रहे हैं।
भाईदूज की सुबह संत प्रेमानंद महाराज ने अपने भक्तों को अचानक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर दर्शन दिए। महाराज जी का यह अनोखा अंदाज देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु चकित होने के साथ-साथ भावविभोर हो उठे। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लग्जरी कार की जगह शिष्य के साथ बुलेट पर दिखे महाराज आमतौर पर संत प्रेमानंद महाराज अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए लग्जरी कार में बैठकर निकलते हैं। लेकिन भाईदूज की सुबह एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब संत कार के बजाय अपने शिष्य रिंकू राजपूत के साथ बुलेट पर पीछे बैठकर आश्रम से बाहर भ्रमण पर निकले। अचानक संत प्रेमानंद को बुलेट पर सवार देख वहां प्रतीक्षा कर रहे भक्त आश्चर्यचकित रह गए और उनकी एक झलक पाने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान पूरा वातावरण 'राधे-राधे' और 'श्रीहरिवंश' के जयकारों से गूंज उठा।
यमुना तट पर की साधना, फिर आश्रम लौटे राधानाम जप की महिमा का प्रचार करने वाले संत प्रेमानंद इन दिनों एकांतवास पर हैं और यमुना पार जहांगीरपुर स्थित नए 'यमुना विहार आश्रम' में निवास कर रहे हैं। हालांकि, कभी-कभी वह भक्तों को दर्शन देने के लिए वृंदावन स्थित अपने पुराने 'श्रीराधा केलिकुंज आश्रम' भी आते हैं। भाईदूज के पावन अवसर पर संत प्रेमानंद बुलेट से ही यमुना किनारे पहुंचे, जहां उन्होंने एकांत में साधना की। साधना पूर्ण करने के उपरांत वह पुनः बुलेट पर सवार होकर अपने आश्रम लौट गए।



