इस्कॉन के दान विभाग प्रमुख को जान से मारने की धमकी, हेल्पलाइन पर आई कॉल से मचा हड़कंप

  • Friday January 30 2026 - 11:33 AM
  •  

  • मंदिर के गेस्टहाउस की आधिकारिक हेल्पलाइन पर मिली गोली मारने की धमकी
  • इस्कॉन के सीएफओ ने कोतवाली में कराई प्राथमिकी दर्ज
  • पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

लाखन सिंह 

वृंदावन। इस्कॉन मंदिर के दान विभाग प्रमुख को जान से मारने की धमकी मिलने से मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया है। यह धमकी मंदिर के गेस्टहाउस की आधिकारिक हेल्पलाइन पर आई एक अज्ञात कॉल के माध्यम से दी गई। मामले को गंभीर मानते हुए इस्कॉन मंदिर के मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस्कॉन मंदिर के गेस्टहाउस की बुकिंग के लिए जारी आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 9520992715 पर गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल किया। कॉल करने वाले ने इस्कॉन के दान विभाग प्रमुख राधा सखा दास को सीधे तौर पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। धमकी की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस्कॉन के सीएफओ विष्णुनाम दास ने बताया कि इस प्रकार की धमकी न केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा से जुड़ी है, बल्कि यह धार्मिक संस्था की शांति, सुरक्षा और व्यवस्था को भी प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि इस्कॉन मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से दर्शन के लिए आते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की धमकी को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

इस संबंध में सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि इस्कॉन के सीएफओ की तहरीर पर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जल्द ही धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।