यूक्रेन से 219 छात्रों को लेकर भारत आया पहला विमान, खुशी से बोले सरकार पर भरोसा था
नई दिल्ली। यूक्रेन से 219 यात्रियों को लेकर पहली निकासी उड़ान महाराष्ट्र के मुंबई में उतरी है। विमान ने आज दोपहर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी। एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस संकट की शुरुआत के बाद से, हमारा मुख्य उद्देश्य यूक्रेन में फंसे प्रत्येक भारतीय को वापस लाना था। यहां 219 छात्र पहुंचे हैं। यह पहला जत्था था, दूसरा जल्द ही दिल्ली पहुंचेगा। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक वे सभी घर वापस नहीं आ जाते। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट भी किया और कहा कि पहली उड़ान उतर चुकी है। दिल्ली के लिए दूसरी उड़ान कल सुबह होने की उम्मीद है। हम अपने बच्चों को यूक्रेन की सीमाओं तक पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।
भारतीय दूतावास के अधिकारी उन्हें सीमाओं से पड़ोसी देशों के हवाई अड्डों तक ले जा रहे हैं। एयर इंडिया फ्लाइट अटेंडेंट ने कहा कि हम अपने छात्रों को घर वापस लाकर बहुत खुश हैं। जब हम यहां मुंबई पहुंचे तो छात्र खुशी से झूम उठे। हमें यह अवसर देने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद। यूक्रेन से लौटे एमबीबीएस के एक छात्र का कहना है, "मुझे भारत सरकार पर भरोसा था कि वे हमें हमारे देश में जरूर वापस लाएंगे। कुछ डर और घबराहट थी, लेकिन हम भारत वापस आकर बहुत खुश हैं।"
यूक्रेन से लौटी एक छात्रा आकांक्षा रावत ने कहा, "मैं वास्तव में डर गई थी लेकिन भारत सरकार की बदौलत हम सुरक्षित पहुंच गए। हम सबसे पहले बचाए गए। सरकार ने कुछ दिनों के भीतर कार्रवाई की। यूक्रेन से लौटी एक अन्य छात्रा धारा वोरा ने कहा, हमें अपने देश और भारत सरकार पर गर्व है। हमें उम्मीद है कि शेष छात्रों को जल्द से जल्द वापस लाया जाएगा। आज यूक्रेन से मुंबई पहुंचे गुजरात के 44 छात्रों को गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम की दो बसों से उनके राज्य लाया जा रहा है।
भारतीय छात्रों के जत्थे ज़ाहोनी क्रॉसिंग पर यूक्रेन की ओर से हंगरी में प्रवेश कर चुके थे, जो आज एयर इंडिया की उड़ान से भारत लौटने के लिए बुडापेस्ट की यात्रा कर रहे थे। स्लोवाकिया में भारतीय दूतावास ने उज़होरोड-वैस्ने नेमेके सीमा के माध्यम से भारतीयों को निकालने के लिए एडवाइजरी जारी की है। हंगरी में भारत के दूतावास ने भारतीयों को यूक्रेन से हंगरी के रास्ते निकालने की एडवाइजरी जारी की है। यूक्रेन से भारतीयों की वापसी शुरू हो गई है।



