वृंदावन रिवर फ्रंट: यमुना की लहरों संग आसान होगी पंचकोसी परिक्रमा

  • Friday May 01 2026 - 11:22 PM
  •  

  • 177 करोड़ की योजना से बदल रहा वृंदावन के घाटों का स्वरूप

वृंदावन। कान्हा की नगरी में अब श्रद्धालुओं के लिए यमुना किनारे पंचकोसी परिक्रमा करना पहले से कहीं अधिक सुगम और आनंदमयी होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की 177 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी रिवर फ्रंट योजना के तहत यमुना के कच्चे और पक्के घाटों को आपस में जोड़कर एक भव्य 'पाथ-वे' तैयार किया जा रहा है। इस योजना का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि भक्तों को अब नगर की संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले रास्तों के बजाय सीधे यमुना के किनारे-किनारे परिक्रमा करने की सुविधा मिलेगी।

शासन के निर्देश पर यूपीपीसीएल (UPPCL) द्वारा इस परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में यमुना किनारे कई प्राचीन घाट जर्जर अवस्था में हैं और उनके बीच का संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त है, जिससे परिक्रमार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। खासकर बड़े त्योहारों और पर्वों पर भीड़ के दबाव के कारण सुरक्षा की दृष्टि से भक्तों को नगर के अंदरूनी रास्तों का सहारा लेना पड़ता था। लेकिन अब केसी घाट से लेकर जुगल घाट तक 4 से 8 मीटर चौड़ा पाथ-वे बनाया जा रहा है, जिसे विशेष रेड स्टोन (लाल पत्थर) से सजाया जाएगा।

योजना के तहत जहाँ प्राचीन पक्के घाटों का विस्तार किया जा रहा है, वहीं कच्चे घाटों को भी पक्का कर वहां सुंदर सीढ़ियां और प्लेटफार्म तैयार किए जा रहे हैं। केसी घाट के समीप कच्चे घाट पर सीसी प्लेटफार्म का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। 

यूपीपीसीएल के सहायक परियोजना प्रबंधक सत्यवीर सिंह ने बताया कि इस 177 करोड़ की योजना में घाटों के संरक्षण के साथ-साथ उन्हें एक-दूसरे से जोड़ना प्राथमिकता है। इस पाथ-वे के बनने के बाद श्रद्धालु यमुना की लहरों के साए में सुरक्षित और सहजता से अपनी आस्था की डगर पूरी कर सकेंगे। यह प्रोजेक्ट न केवल वृंदावन के सौंदर्यीकरण को नई ऊंचाई देगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन और सुरक्षा की दृष्टि से भी मील का पत्थर साबित होगा।