21 साल बाद भारत को मिला ताज, मिसेज वर्ल्ड 2022 बनीं सरगम कौशल

  • Tuesday December 20 2022 - 09:57 AM
  •  

जम्मू। मिसेज वर्ल्ड 2022 का खिताब जम्मू की रहने वाली सरगम कौशल ने अपने नाम किया और 21 साल के इंतजार के बाद मिसेज वर्ल्ड का ताज एक बार फिर से भारत के पास है। सरगम कौशल इससे पहले मिसेज इंडिया का खिताब भी जीत चुकी हैं। अब मिसेज वर्ल्ड का ताज अपने नाम कर उन्होंने इतिहास रच दिया है।

पेशे से शिक्षिका सरगम के पिता जीएस कौशल जोकि बैंक आफ इंडिया में चीफ मैनेजर रह चुके हैं, उन्होंने बताया कि सरगम की मेहनत रंग लाई है। सरगम की शिक्षा के क्षेत्र में विशेष रुचि है। वह चाहती हैं कि शिक्षकों का पुराना सम्मान लौटना चाहिए। वह अभी अमेरिका में है। बेटी के जनवरी में जम्मू आने की योजना है। उसके पति नौ सेना में हैं। उनकी ड्यूटी मुंबई में है।

मिसेज वर्ल्ड प्रतियोगिता शादी-शुदा महिलाओं के लिए आयोजित की जाने वाली पहली सौंदर्य प्रतियोगिता है। जिसके बारे में सबसे पहले 1984 में विचार किया गया था। 1984 से लेकर 1987 तक इस प्रतियोगिता को ‘मिसेज वुमन ऑफ द वर्ल्ड’ के नाम से जाना जाता था लेकिन साल 1988 में इसका नाम बदलकर ‘मिसेज वर्ल्ड’ कर दिया गया।

साल 2022 में सरगम कौशल ने 32 साल की उम्र में ‘मिसेज वर्ल्ड’ का खिताब जीता है। 2021 की विजेता रहीं अमेरिका की शायलिन फोर्ड ने शनिवार को उन्हें यह ताज पहनाया। इससे पहले साल 2001 में भारत की अदिति गोवित्रिकर ने यह ताज अपने नाम किया था। इस साल मिसेज वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन लॉस वेगास, संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित किया गया था।