वृंदावन में अयोध्या की तर्ज पर गूंजे जयकारे, श्रीकृष्ण रजत संकल्प शिला का भव्य पूजन

  • Wednesday September 02 2026 - 02:11 AM
  •  

वृंदावन। अयोध्या में पूजन के बाद प्रथम बार विशेष रथ से वृंदावन स्थित सुदामा कुटी पहुंची 'श्रीकृष्ण रजत संकल्प शिला' का नाभा पीठाधीश्वर जगद्गुरु सुतीक्ष्ण दास महाराज और साधु-संतों ने विधि-विधान से पूजन किया। रजत शिला के सुदामा कुटी पहुंचते ही संतों और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा परिसर "अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है" के जयकारों से गूंज उठा।

सुदामा कुटी का सौभाग्य: स्वामी सुतीक्ष्ण दास

सुतीक्ष्ण दास महाराज ने कहा, "हम सभी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का सपना साकार होते देखना चाहते हैं। यह सुदामा कुटी का सौभाग्य है कि ब्रजभूमि में सबसे पहले यह रजत संकल्प शिला यहां आई है।"

जन्माष्टमी पर होगा सहस्त्रधारा अभिषेक श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण के पक्षकार दिनेश शर्मा (फलाहारी महाराज) ने बताया कि जन्माष्टमी पर इस पवित्र शिला का नदियों के जल से 'सहस्त्रधारा अभिषेक' किया जाएगा। न्यायालय का फैसला आते ही इसी शिला को मंदिर निर्माण की प्रथम शिला के रूप में स्थापित किया जाएगा।

समूचे ब्रज में चलेगा पूजन अभियान यात्रा संयोजक राजेश पाठक ने बताया कि आने वाले दिनों में समूचे ब्रजमंडल के प्रमुख मंदिरों में संकल्प शिला का पूजन कराया जाएगा।

इस दौरान ब्राह्मण सभा के ब्रज प्रदेश अध्यक्ष बिहारी लाल वशिष्ठ, जिलाध्यक्ष इं. राजकुमार शर्मा, सुभाष शर्मा, जयराम शर्मा, कान्हा कौशिक, कमल बाबा, महेश दास और परमानंद गिरि सहित अनेक संत-महंत उपस्थित रहे।