निकाय चुनाव के लिये कब भरे जाएंगे नामांकन पत्र और कब होगी नाम वापसी? जानिए

  • Monday April 10 2023 - 10:18 PM
  •  

लखनऊ। उत्तरप्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव कराये जाने की तारीखों का ऐलान हो गया है। यूपी में चुनाव के लिये कब नामांकन पत्र भरे जायेंगे, कब नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और कब नामांकन पत्रों की वापसी होगी। यह जानकारी करने के लिये राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी तारीख निर्धारित कर दी है। 

राज्य निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 17 नगर निगम, 199 नगर पालिका, 544 नगर पंचायतों में वोटिंग होनी है। प्रथम चरण में मतदान के लिए प्रत्याशी 11 अप्रैल से 17 अप्रैल तक और दूसरे चरण में 17 से 24 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के मतदान के लिए नामांकन पत्रों की जांच 18 अप्रैल को तो वहीं दूसरे चरण के लिये भरे गये नामांकन पत्रों की जांच 25 अप्रैल को की जायेगी। 30 अप्रैल तक नामांकन वापसी की जायेगी। 

प्रथम चरण में मथुरा, उन्नाव, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुरखीरी, गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोरखपुर देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, गाजीपुर, वाराणसी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, झांसी, जालौन, ललितपुर, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, चंदौली व जौनपुर इलेक्शन होंगे। 

द्वितीय चरण में एटा, अलीगढ़, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज औरैया, हमीरपुर, चित्रकूट, महोबा, बांदा, अयोध्या, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, बदायूं, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, हाथरस, कासगंज, अमेठी, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मेरठ, हापुड़, सोनभद्र, भदोही व मिर्जापुर में चुनाव होंगे।