वृंदावन में धूमधाम से निकली श्री ल प्रभुपाद की पालकी यात्रा, प्राचीन देवालयों का किया भ्रमण
वृंदावन। इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद के तिरोभाव महोत्सव के अवसर पर बृहस्पतिवार को देशी-विदेशी भक्तों ने नगर में एसी भक्तिवेदांत प्रभुपाद की पालकी यात्रा धूमधाम से निकाली। संकीर्तन की धुन पर इस्कॉन भक्तों ने यात्रा में भावनृत्य किया और नगर के देवालयोें में पालकी के साथ दर्शन किए। पालकी यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ।
इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद के तिरोभाव महोत्सव पर इस्कॉन मंदिर से श्रील प्रभुपाद की पालकी यात्रा शुरु हुई। यात्रा में पुष्पों से सजी पालकी में श्रील प्रभुपाद की चल प्रतिमा विराजमान की गई। इस्कॉन के गवर्निंग बॉडी कमेटी के ट्रस्टी त्रिदण्डी गोपालकृष्ण गोस्वामी की अध्यक्षता में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी भक्त मृदंग, झांझ, मंजीरा और हारमोनियम की धुन के साथ हरे राम हरे राम महामंत्र का संकीर्तन करते हुए चल रहे थे। वहीं भक्तजन संकीर्तन की धुन पर यात्रा में भावनृत्य कर रही थी। पालकी को भक्त अपने कंधों पर लेकर चल रहे थे। उसके आगे भक्तजन चल रहे थे।
यात्रा रमणरेती मार्ग से हरिनिकुंज चौराहा होते हुए प्राचीन मदनमोहन मंदिर पहुंची। यहां से परिक्रमा मार्ग होकर चीरघाट से प्राचीन देवालय राधादामोदर, राधारमण मंदिर के पश्चात लोई बाजार होते हुए नगर पालिका चौराहा से पुन: इस्कॉन मंदिर पहुंची। मंदिर में पालकी यात्रा के विश्राम के बाद प्रभु कृष्ण बलराम के समक्ष जमकर इस्कॉन भक्तों ने संकीर्तन के साथ नृत्य किया। इस्कॉन के पीआरओ रविलोचनदास ने बताया कि इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार को श्रील प्रभुपाद का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात पुष्पांजलि एवं उनका गुणगान होगा। जिसमें बड़ी संख्या में देशी-विदेशी भक्त शामिल होेंगे। इससे पहले आज मंदिर की पंरपरा अनुसार श्रील प्रभुपाद महाराज की पालकी यात्रा वृंदावन में निकाली गई।
पालकी यात्रा में प्रमुख रुप से वृंदावन इस्कॉन के अध्यक्ष पंचगौड़ा दास, दीनबंधु दास, गणपतिदास, नटवर दास आदि मौजूद रहे।



