गंगा स्नान के समय भूलकर भी न करें ये काम

  • Tuesday June 06 2023 - 07:30 PM
  •  

सनातन धर्म में नदियों को देवी के रूप में पूजा जाता है। इन नदियों में मोक्षदायिनी मां गंगा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओ के अनुसार, गंगा में स्नान से सारे पाप नष्ट हो जाते हैं। यही कारण है कि गंगा दशहरा, पूर्णिमा, एकादशी आदि पर्व और तिथियों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करते हैं। वैसे हर दिन गंगा स्नान करने से विशेष फल मिलता है। माना जाता है कि गंगा में डुबकी लगाने से शारीरिक और मानसिक पीड़ा से मुक्ति मिलती है। यही वजह है कि जिन स्थानों पर होकर गंगा गुजरती है वहां हर आस्थावानों की भीड़ लगी रहती है।

गंगा स्नान के महत्व को देखते हुए शास्त्रों में कुछ नियम भी बनाए गए हैं, जिसका ख्याल गंगा स्नान के दौरान जरूर रखना चाहिए। वृन्दावन के विद्वान और ज्योतिषाचार्य पंडित परमानन्द ने बताया कि गंगा में डुबकी लगाने से पहले मां गंगा को छूकर प्रणाम करना चाहिए। इसके अलावा डुबकी के वक्त मां गंगा का ध्यान कर हर हर गंगे के जयकारे के साथ 3, 5 या 7 बार डुबकी लगानी चाहिए। इस दौरान मां गंगा से मन ही मन अपने सारे कष्ट और पापों के नाश की कामना जरूर करें।

भूलकर भी न करें ये काम

  • गंगा में डुबकी लगाने समय शरीर के मैल को उसमें नहीं धोना चाहिए। इसके अलावा साबुन या शैम्पू का इस्तेमाल भी भूलकर नहीं करना चाहिए।
  • गंगा स्नान के बाद शरीर पर लगे पानी को नहीं पोछना चाहिए।
  • गंगा में मल मूत्र का त्याग नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से आप पाप के भागी बनते हैं।
  • गंगा में कपड़े धोना भी पाप माना जाता है।
  • गंगा में माला, फूल या किसी भी तरह का कूड़ा कचरा नहीं फेंकना चाहिए। इससे आप पाप के भागी बनते हैं।

(नोट-इस खबर में दी गईं जानकारियां ज्योतिषाचार्य से हुई बातचीत और धार्मिक मान्यताओं पर आधरित है। भारत न्यूज जंक्शन इसकी पुष्टि नहीं करता है।)