दीपावली पर पूजन का शुभ मुहूर्त
दीपावली पर पूजन का शुभ मुहूर्त : मथुरा में इस दिन मनाना रहेगा उत्तम, जानें लक्ष्मी-गणेश पूजन की विधि
मथुरा। दीपों का पावन त्योहार दीपावली (Diwali 2025) इस वर्ष 20 अक्टूबर, सोमवार को पूरे देश में धूमधाम, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। यह पर्व सुख, समृद्धि, और नई ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। सनातन परंपरा में दीपावली का दिन अत्यंत पवित्र और मंगलकारी होता है क्योंकि इसी दिन भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे, और नगरवासियों ने दीपों से पूरी अयोध्या नगरी को आलोकित किया था।
दीवाली पर लक्ष्मी गणेश की पूजन शुभ मूहुर्त में विधिविधान से करना चाहिए। इस तरह पूजन करने से धन, संपदा की प्राप्ति होती है। हिंदू पंचाग के अनुसार अलग-अलग तरह का कार्य करने वालों के लिए अलग-अलग ही शुभ मुहूर्त है। जिसका जो पेशा है, उन्हें अपने मुहुर्त के अनुसार पूजन करने से कई गुना फल की प्राप्ति होती है। तो आइए जानते हैं। पेश के अनुसार भगवान लक्ष्मी गणेश के पूजन के शुभ मुहूर्त और पूजन की विधि।
इस वर्ष 20 अक्टूबर 2025 की दीपावली शुभ योग और राजयोग से युक्त है। मथुरा, वृंदावन और ब्रजमंडल में दिवाली का उल्लास पहले से ही चरम पर है।आचार्यजन मानते हैं कि जो साधक इस दिन संध्या काल में लक्ष्मी-गणेश पूजन करते हैं, उनके जीवन में सुख, समृद्धि और स्थायी धनलाभ का आशीर्वाद मिलता है। आरती के पश्चात कुबेर पूजन, दीपदान और भोजन प्रसाद वितरण करना शुभ फलदायी माना गया है।
दीपावली की तिथि और विशेष योग
हिंदू पंचांग के अनुसार- कार्तिक अमावस्या तिथि इस वर्ष 20 अक्टूबर दोपहर 3:44 बजे से प्रारंभ होकर 21 अक्टूबर शाम 5:55 बजे तक रहेगी। प्रदोष व्यापिनी अमावस्या के कारण इस वर्ष 20 अक्टूबर को दीपावली मनाना शुभ और धार्मिक रूप से मान्य है। ज्योतिषाचार्य पं. अजय कुमार तैलंग के अनुसार, इस दिवाली हंस महापुरुष राजयोग बन रहा है, जो इसे और अधिक फलदायी और समृद्धिदायक बनाएगा।
लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त
मथुरा में इस वर्ष दीपावली पर सायंकालीन पूजा का विशेष समय अत्यंत शुभ रहेगा। श्री लक्ष्मी-गणेश पूजन के लिए संध्या 5:40 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक का समय सर्वश्रेष्ठ बताया गया है। विभिन्न व्यवसायों और वर्गों के लिए विशेष पूजन मुहूर्त —
वर्ग / पेशा पूजन का समय
प्रशासनिक अधिकारी सायं 5:40
डॉक्टर सायं 6:00
संगीत कलाकार सायं 6:35
पुजारी / पंडित सायं 7:20
इंजीनियर सायं 8:30
सोने-चांदी की दुकानें रात्रि 9:00
कारखाने / मशीन कार्य दोपहर 3:00 – 5:00
पत्रकार / लेखक रात्रि 8:00
वकील / न्यायालय वर्ग रात्रि 8:10
सीए / एमबीए प्रोफेशनल रात्रि 7:50
परिवार सहित गृहस्थ पूजन सायं 6:40 – 9:00
पुलिस / प्रशासनिक कर्मचारी रात्रि 8:30
बड़े व्यापारी वर्ग रात्रि 1:40
निशारात्रि मुहूर्त (उद्योगपति) रात्रि 1:50 – 3:48
स्थिर लक्ष्मी-कुबेर पूजन हेतु रात्रि 1:50 – 3:50
लक्ष्मी पूजन विधि
1. पूजा स्थल को स्वच्छ कर उत्तर दिशा की ओर मुख करके पूजन करें।
2. लकड़ी की चौकी पर लाल कपड़ा बिछाएं और उस पर श्रीगणेश, लक्ष्मी व कुबेर जी की मूर्ति स्थापित करें।
3. घी के दीपक जलाएं, रोली, अक्षत, पुष्प, मिठाई, सुगंधित धूप से पूजन करें।
4. शंखनाद या घंटी बजाकर वातावरण को पवित्र करें।
5. श्रीसूक्त या लक्ष्मी चालीसा का पाठ करें।
दीपावली की मान्यता
मान्यता है कि दीपावली के दिन भगवान श्रीराम माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे। अयोध्यावासियों ने दीप प्रज्वलित कर उनका स्वागत किया। इसी कारण यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है।



