भक्ति, संगीत और रास के रंग में रंगा मथुरा, श्रीकृष्णोत्सव-2026 का हुआ भव्य आगाज

  • Thursday September 03 2026 - 01:19 AM
  •  

मथुरा। धर्मनगरी मथुरा में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन 'श्रीकृष्णोत्सव-2026' का बुधवार को भव्य शुभारंभ हो गया। उत्सव के पहले दिन डैम्पियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में भजन-कीर्तन, रासलीला, नृत्य और लीलागायन की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा परिसर कान्हा की भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा

कार्यक्रम की शुरुआत कान्हा अकादमी के श्याम सुंदर लाल की आरती और ‘लाला के जन्म की बधाई’ गायन के साथ हुई। इसके बाद नाथद्वारा से आए वेद विद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भजन, कीर्तन, सामूहिक नृत्य और काव्यपाठ की भावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

‘मुदरिया प्रेम’ रासलीला और नन्दोत्सव की सजीव झांकी गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन की ओर से 'मुदरिया प्रेम' रासलीला और नन्दोत्सव की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। श्रीराधा-कृष्ण की प्रेममयी लीला और राधाजी की स्वर्ण मुदरिया (अंगूठी) के गुम होने पर आधारित इस कथा में हास्य-विनोद और मान-मनुहार के प्रसंगों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

 

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से आयोजित इस भव्य उत्सव का शुभारंभ परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, विधायक पूरन प्रकाश, परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन और हार्टफुलनेस संस्था के निशांत शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक पूरन प्रकाश, गोकुल चेयरमैन संजय दीक्षित और नाथद्वारा मंदिर ट्रस्ट से आए विशाल बाबा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा

श्रीकृष्णोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को सुबह 9 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट नंबर-1 से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में ब्रज क्षेत्र के पारंपरिक लोक कलाकार अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।