भगवान गौतम बुद्ध की पीतल की प्रतिमा चोरी, पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम

  • Thursday November 05 2026 - 03:01 PM
  •  

मथुरा। हाथरस मार्ग स्थित ट्रांस यमुना कॉलोनी के मिलिंद बुद्ध विहार से चोर भगवान गौतम बुद्ध की लगभग 25 किलो पीतल की प्रतिमा चुरा ले गए। यह वारदात टेढ़ी बगिया पुलिस चौकी से महज 250 मीटर की दूरी पर हुई। घटना के विरोध में भीम आर्मी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया और पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

कैसे हुई घटना?

करीब 40 साल पुराने मिलिंद बुद्ध विहार की देखरेख भंते प्रज्ञा रतन जी करते हैं। भंते पुरन मल ने जानकारी दी कि उन्होंने बुधवार सुबह करीब सात बजे बुद्ध वंदना करने के बाद मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया था। जब वे बृहस्पतिवार सुबह विहार पहुंचे, तो बाहर का गेट तो बंद था, लेकिन अंदर प्रतिमा गृह का ताला टूटा हुआ था और भगवान बुद्ध की पीतल की प्रतिमा गायब थी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

भीम आर्मी और बसपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। भीम आर्मी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सम्राट, केवल सिंह, बसपा पार्षद डॉ. यशपाल सिंह और पूर्व पार्षद होरीलाल बघेल भारी संख्या में समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की। भीम आर्मी के प्रवक्ता राजेश कुमार सम्राट ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी के इतनी नजदीक स्थित विहार में चोरी होना पुलिस गश्त की पोल खोलता है। यदि रात में नियमित गश्त की जाती, तो यह घटना नहीं होती। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस को 48 घंटे के भीतर प्रतिमा बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की चेतावनी दी है।

एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिल गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।