अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
West Asia Crisis: NATO देशों पर ट्रंप का तीखा हमला-‘कायरों, याद रखेंगे’, ईरान युद्ध से दूरी पर सहयोगियों को घेरा
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर NATO देशों पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर नाटो देशों को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे “कायर” हैं, क्योंकि उन्होंने ईरान के खिलाफ युद्ध में हिस्सा नहीं लिया और न ही होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के लिए अपनी सेनाएं भेजीं।
यूरोप और NATO देशों पर फूटा ट्रंप का गुस्सा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका के बिना NATO एक “कागजी शेर” है। उन्होंने कहा कि परमाणु शक्ति संपन्न ईरान को रोकने की लड़ाई में सहयोगी देश शामिल नहीं होना चाहते थे। ट्रंप ने तंज कसते हुए कहा कि अब जब लड़ाई सैन्य रूप से जीत ली गई है और खतरा कम हो गया है, तो यही देश तेल की बढ़ती कीमतों की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना एक “सरल सैन्य कदम” है, लेकिन इसके बावजूद NATO देश मदद नहीं कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि यह काम उनके लिए आसान है और इसमें जोखिम भी कम है, फिर भी वे पीछे हट रहे हैं। अपने बयान के अंत में उन्होंने कड़े शब्दों में कहा-“कायरों, हम यह बात याद रखेंगे।”
ट्रंप की अपील का नहीं पड़ा असर
अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों का आवागमन बड़े पैमाने पर प्रभावित हुआ है। इस स्थिति को देखते हुए ट्रंप ने सहयोगी देशों से अपील की थी कि वे इस अहम समुद्री मार्ग को खुला और सुरक्षित रखने के लिए अपने युद्धपोत भेजें।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन समेत कई देशों का नाम लेते हुए कहा था कि ये देश इस मार्ग से प्रभावित हैं और उन्हें आगे आकर जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य क्षमता को लगभग पूरी तरह खत्म कर दिया है, लेकिन ईरान अब भी ड्रोन, बारूदी सुरंग या मिसाइलों के जरिए खतरा पैदा कर सकता है। हालांकि, ट्रंप की इस अपील का NATO और अन्य सहयोगी देशों पर कोई खास असर नहीं पड़ा। इससे यह संकेत मिला कि पश्चिम एशिया के इस संघर्ष में अमेरिका काफी हद तक अलग-थलग पड़ गया है।
ईरान पर कार्रवाई को लेकर बड़ा दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान में बेहद अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि “दो हफ्ते पहले तक ईरान के पास नौसेना थी, लेकिन अब कुछ भी नहीं बचा है।” ट्रंप के मुताबिक, सिर्फ दो दिनों में 58 जहाजों को समुद्र में नष्ट कर दिया गया। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान के पास परमाणु हथियार हुए, तो वह उनका इस्तेमाल करेगा, और अमेरिका ऐसा होने नहीं देगा।
संघर्ष की पृष्ठभूमि और नई चेतावनी
पश्चिम एशिया में यह संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ, जब अमेरिका और इस्राइल ने मिलकर ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले किए। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इसके बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता बनाया गया। मोजतबा खामेनेई ने अपने पहले सार्वजनिक संदेश में कहा है कि ईरान अपने मारे गए लोगों का बदला जरूर लेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखने की नीति जारी रहेगी और क्षेत्र के पड़ोसी देशों को अमेरिकी सैन्य ठिकानों की मेजबानी बंद करनी चाहिए।
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी पर ट्रंप प्रशासन का मुकदमा
इसी बीच, अमेरिका में ट्रंप प्रशासन ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के खिलाफ बड़ा कानूनी कदम उठाते हुए मुकदमा दायर किया है। आरोप है कि विश्वविद्यालय ने यहूदी और इस्राइली मूल के छात्रों के साथ हो रहे भेदभाव और उत्पीड़न को रोकने में गंभीर लापरवाही बरती।
रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिकी सरकार ने अपनी शिकायत में कहा है कि हार्वर्ड ने कैंपस में बन रहे “शत्रुतापूर्ण माहौल” को लेकर “जानबूझकर उदासीनता” दिखाई। आरोप यह भी है कि जब पीड़ित छात्र यहूदी या इस्राइली होते थे, तब विश्वविद्यालय ने अपने अनुशासनात्मक नियमों को सख्ती से लागू नहीं किया।सरकार ने अदालत से मांग की है कि हार्वर्ड को दी गई अरबों डॉलर की करदाताओं की फंडिंग वापस ली जाए। प्रशासन का कहना है कि यदि कोई संस्थान भेदभाव रोकने में विफल रहता है, तो उसे सरकारी फंडिंग का लाभ नहीं मिलना चाहिए।



