मानव जीवन में जन्म से मृत्यु तक 16 संस्कार, यज्ञोपवीत संस्कार का महत्व एवं नियम
वृन्दावन। भारतीय वैदिक संस्कृति की समृद्ध परंपरा के अनुसार मानव जीवन में 16 संस्कार होते हैं। इन संस्कारों की शुरूआत जन्म से लेकर जीवन के आखिरी पड़ाव तक यानि मृत्यु तक होती है। व्यक्ति के जीवन में इन 16 संस्कारों का भी एक निश्चित समय है। इन 16 संस्कारों में से 11वां यज्ञोपवीत संस्कार है। तो आइए जानते हैं यज्ञोपवीत संस्कार का महत्व और इसके पालन की विधि।
सोलह संस्कार
1. गर्भाधान संस्कार
2. पुंसवन संस्कार
3. सीमन्तोन्नयन संस्कार
4. जातकर्म संस्कार
5. नामकरण संस्कार
6. निष्क्रमण संस्कार
7. अन्नप्राशन संस्कार
8. चूड़ाकर्म संस्कार
9. विद्यारम्भ संस्कार
10. कर्णवेध संस्कार
11. यज्ञोपवीत संस्कार
12. वेदारम्भ संस्कार
13. केशान्त संस्कार
14. समावर्तन संस्कार
15. पाणिग्रहण संस्कार
16. अन्त्येष्टि संस्कार।
क्या होता है यज्ञोपवीत संस्कार (Yagyopavit Sanskar)?
यज्ञोपवीत (Yagyopavit Sanskar) या उपनयन संस्कार का अर्थ होता है पास या सन्निकट ले जाना अर्थात् ब्रह्म या ज्ञान के पास ले जाना। ज्ञान प्राप्ति की शुरुआत करने से पहले ही उपनयन संस्कार की प्रक्रिया होती है। इस संस्कार के अतंर्गत मंत्रों का उच्चारण कर एक पवित्र धागा बनाया जाता है जिसे संस्कार में मुंडन और स्नान के बाद ही धारण किया जा सकता है। इस धागे को जनेऊ के नाम से जाना जाता है और इसे सूत के तीन धागों से बनाया जाता है, जिसे व्यक्ति बाएं कंधे के ऊपर तथा दाईं भुजा के नीचे पहनता हैं। अर्थात् इसे गले में इस प्रकार डाला जाता है कि वह बाएं कंधे के ऊपर रहे।
जनेऊ में ये तीन सूत्र त्रिमूर्ति- ब्रह्मा, विष्णु और महेश के प्रतीक होते हैं। साथ ही ये तीन सूत्र गायत्री मंत्र के तीन चरणों के भी प्रतीक होते हैं। देवऋण, पितृऋण और ऋषिऋण को भी जनेऊ के द्वारा प्रदर्शित किया जाता है। इसी के साथ यज्ञोपवीत संस्कार का आरंभ गायत्री मंत्र से किया जाता हैं।
यज्ञोपवीत संस्कार का महत्व
जनेऊ को अगर सामान्य मानवीय दृष्टि से देखा जाए तो सिर्फ यह एक धागा है परन्तु इसे धर्म और शिक्षा की दृष्टि से देखा जाए तो इसे बनाने के पीछे पूरा गणित और विज्ञान छिपा हुआ है। जनेऊ की लंबाई 96 अंगुल होती है और इस लंबाई को रखने के पीछे 64 कलाओं और 32 विद्याओं का सीखना है। 32 विद्याओं की बात की जाए तो इसमें चार वेद, चार उपवेद, छह अंग, छह दर्शन, तीन सूत्रग्रंथ, नौ अरण्यक सम्मिलित होते हैं। इसके अलावा 64 कलाओं में वास्तु निर्माण, व्यंजन कला, चित्रकारी, साहित्य कला, दस्तकारी, भाषा, यंत्र निर्माण, सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, दस्तकारी, आभूषण निर्माण, कृषि ज्ञान आदि आती हैं। वहीं क्योंकि जनेऊ के हृदय के पास से गुजरता है, इसलिए ऐसा माना जाता है कि यह हृदय रोग की संभावना को कम करता है। वहीं जनेऊ पहनने वाला व्यक्ति सफाई से जुड़े नियमों से भी बंध जाता हैं। जनेऊ से पवित्रता का अहसास भी होता है, जो व्यक्ति के मन को बुरे कार्यों से बचाती है।
यज्ञोपवीत संस्कार में जब ब्राह्मण उपनीत होता है तो द्विज संज्ञा को प्राप्त करता है। यानी कि वह ब्राह्मण क्षत्रिय और वैश्य संज्ञा में होता है। जब वैदिक रीति से जनेऊ धारण करते हैं उसके बाद उसे ब्रिज उपाधि प्राप्त होती है। जिसका मतलब यह है कि दूसरा जन्म वैदिक परंपरा से जुड़ने के लिए यज्ञोपवीत धारण करना जरूरी माना जाता है।
वन्दावन के भागवताचार्य बद्रीशजी महाराज ने यज्ञोपवीत संस्कार की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यज्ञोपवीत संस्कार को ही जनेऊ संस्कार और उपनयन संस्कार भी कहा जाता है। वेदिक शास्त्रों के अनुसार ब्राह्मण, क्षत्रिय एवं वैश्य बटुक ब्रह्मचारियों यानि बच्चों का यज्ञोपवीत संस्कार किया जाता है उनको इस प्रक्रिया से गुजरना होता है। जिसमें जनेऊ संस्कार से एक दिन पहले व्यक्ति को मुंडन कराना चाहिए। मुंडन कराते वक्त इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि शिखा यानि चोटी अवश्य रखें। इसके अगले दिन विधिविधान से यज्ञापवीत संस्कार किया जाता है।
इन वस्तुओं की होती है आवश्यकता
यज्ञोपवीत संस्कार के लिए इन वस्तुओं की कटि वस्त्र उत्तरीय वस्त्र ,झोली,दंड ,मूंज की आड़बंद एवं यज्ञोपवीत आवश्यकता होती है।
यज्ञोपवीत धारण करने के नियम
जनेऊ धारण करने के बाद व्यक्ति को अपने जीवन में नियमों का पालन करना पड़ता है। उसे अपनी दैनिक जीवन के कार्यों को भी जनेऊ को ध्यान में रखते हुए ही करना होता है। जैसे- मल, मूत्र का त्याग करने के दौरान जनेऊ को दायने कान पर बांधना होता है ताकि यह अपवित्र न हो और उसके बाद स्वच्छ हाथों से ही उसे स्पर्श करना होता है। इसके अलावा एक बार पहनने के बाद अपवित्र, मैला या टूटने पर ही उसे बदला जाता है और स्नान करने के दौरान जनेऊ को शरीर से बाहर नहीं निकाला जाता है।
बालक की 8 वर्ष की आयु होने पर यज्ञोपवीत संस्कार कराया जा सकता है। परन्तु वर्तमान समय में लोगों की जीवनशैली में परिवर्तन होने के कारण बचपन में नहीं अपितु विवाह के दौरान यज्ञोपवीत संस्कार (Yagyopavit Sanskar) कराया जाता है। सनातन धर्म में आज भी बिना जनेऊ संस्कार के विवाह पूर्ण नहीं माना जाता है।
वृन्दावन में निःशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन
आचार्य बद्रीश ने बताया कि 8 जून 2023 आषाढ़ कृष्ण पंचमी गुरुवार के दिन निशुल्क उपनयन संस्कार होने जा रहा है। जो भी यज्ञोपवीत संस्कार कराना चाहते हैं, वह परिक्रमा मार्ग के गोपाल खार क्षेत्र में श्रीमद भागवत मन्दिर में संपर्क कर रजिस्ट्रेशन कराएं। यहां कटि वस्त्र उत्तरीय वस्त्र ,झोली,दंड ,मूंज की आड़बंद एवं यज्ञोपवीत आदि सभी सामग्रियां-सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी। जिन बटुकों यानि बच्चों का जनेऊ संस्कार होगा, वह 7 जून बुधवार के सायंकाल तक छौर कर्म यानि कि मुंडन करा लें। जिसमें हाथ की गद्दी या गाय के खुर के बराबर चौड़ी -चोटी या शिखा छोड़ें। सभी बटुक 8 जून 2023 गुरुवार को प्रातः 5 बजे उपस्थित हो जाएं। स्थान -आचार्य श्री बद्रीशजी महाराज ,श्रीमद् भागवत मंदिर, गोपाल खार, परिक्रमा मार्ग, वृन्दावन, अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें - 94122 80000



