व़ृंदावन के मंदिरों में 500 साल पुरानी झूलनोत्सव परंपरा का हो रहा निर्वाह

  • Wednesday August 23 2023 - 09:05 AM
  •  

- मंदिरों में कहीं सोने-चांदी के तो कहीं चंदन और लता-पताओं के झूलों में झूल रहे ठाकुरजी
- गोस्वामीजन श्रावण के पदों का गायन कर अपने ठाकुर को रिझा रहे

वृंदावन। मंदिरों की नगरी वृंदावन के मंदिरों में श्रावण मास शुक्ल पक्ष की तीज से पूर्णिमा तिथि तक  यानी रक्षा बंधन तक झूलनोत्सव मनाया जा रहा है। प्राचीन सप्तदेवालय, ठा. राधावल्लभ मंदिर, रंगजी मंदिर समेत अन्य सभी मंदिरों में सोने-चांदी, लता-पता और चंदन के हिंडोलोंं में ठाकुरजी को झुलाकर निकुंज भाव सेवा की जा रही है। इस बीच मंदिरों के गोस्वामियों द्वारा सावन का पदों का गायन कर आराध्य को रिझाया जा रहा है।


प्राचीन सप्तदेवालय ठा. राधा मदनमोहन मंदिर, ठा. राधा गोविंद देव मंदिर, ठा. राधा रमण मंदिर, ठा. राधा दामोदर मंदिर, ठा. राधा गोपीनाथ मंदिर, ठा. राधागोकुलानंद मंदिर एवं ठा. राधा श्यामसुंदर मंदिर के साथ-साथ ठा. राधावल्लभ मंदिर, रंग मंदिर, शाहजी मंदिर  समेत वृंदावन के करीब 550 मंदिरों में झूलनोत्सव मनाया की करीब पांच सौ वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वाह किया जा रहा है। इस परंपरा में मंदिरो के गोस्वामी  शाम के समय अपने आराध्य को सोने, सोने, चांदी, चंदन और लपा-पता एवं पुष्पों से सजे हिंडोलों में विराजमान कर झुला रहे हैं। झूला झुलाने के दौरान सेवायत गोस्वमी हवेली संगीत की धुन और वाद्य यंत्रों के मध्य षड़् गोस्वामी एवं रसिक सतों द्वारा भगवान राधाकृष्ण की लीलाओं पर आधारित पदों का गायन कर अपने आराध्य को रिझा रहे हैं।
प्राचीन ठा. राधारमण मंदिर के पद्मनाभ गोस्वामी ने बताया कि ब्रज में यह निकुंज भाव की सेवा है। ठा.राधारमण मंदिर सहित ब्रज के मंदिरों में श्रावण मास शुक्ल पक्ष की तीज से झूलन उत्सव शुरु होकर पूर्णिमा तिथि यानी रक्षा बंधन तक संपन्न होता है। इन 13 दिनों में प्रतिदिनि शाम के समय ठा. राधारमण लाल को सोने-चांदी से बने हिंडोला में विराजमान कर झुलाया जाता है और गोस्वामियों द्वारा पदों का गायन किया जाता है। उन्होंने बताया कि यह पांच सौ वर्ष पुरानी धर्म परंपरा है। इस परंपरा के पीछे मंदिरों के गोस्वामियों और भक्तों का भाव यह रहता है कि ब्रज में ठाकुर राधा़कृष्ण लता-पताओं के मध्य झूला रहे हैं। सखिया और गोपियां झूला झुला रही है। इस बीच सावन के पदों का भी गायन किया जा रहा है।