भगवान शिव के तीर्थ स्थल और उनकी महिमा
भगवान शिव की जहां-जहां इस पावन धरा पर लीलायें हुई वही स्थान उनके प्रधान तीर्थस्थल के रुप में कहलाने लगे। भगवान शंकर ने समस्त जीवों के कल्याण के लिये इन दिव्य स्थानों को प्रकट किया है। स्कन्द पुराण के अनुसार देशभर में भगवान शंकर के तीर्थ स्थल हैं। मान्यता है कि इन शिवप्रधान तीर्थों के दर्शन और सेवा करने से मनुष्य को ज्ञान की प्राप्ति होती है और उसे संसार के बन्धन से छुटकारा मिल जाता है।
पाँच कोस के परम पावन वाराणसी क्षेत्र में अविमुक्त महादेव विशालाक्षी देवी के द्वारा पूजित होते हैं। वहीं कपालमोचन तीर्थ है इसके पास ही काल भैरव का निवास है। ऐसी पावन काशी पुरी में मनुष्य की मृत्यु हो जाने पर उसे शिवस्वरुप की प्राप्ति होती है। गया और प्रयाग भी सब सिद्धियो के देने वाले तीर्थ कहे जाते हैं। यहां पिण्डदान करने से पितर बहुत सन्तुष्ट होते हैं। केदारनाथ तीर्थ में भगवान शंकर वर्तमान में भी महिष रुप धारण करके रहते हैं और मनुष्यों का सर्वथा कल्याण करते रहते हैं।
बदरिकाश्रम तीर्थ मनुष्यों को सब प्रकार की सिद्धी प्रदान करने वाला है। बदरिकाश्रम में देवी पार्वती के साथ महादेव नर-नारायण द्वारा पूजित होकर रहते हैं। नैमिषारण्य क्षेत्र में त्रिपुरासुर का विनाश करने वाले देवाधिदेव महादेव निवास करते हैं। अमरेश तीर्थ सभी पुरुषार्थों का साधक बताया गया है, यहां औंकारनाथ महादेव और चण्डिका नाम से पार्वतीजी निवास करती हैं। पुष्कर भगवान शिव का महातीर्थ कहा जाता है, यहां भगवान रुजोगन्धि शिव और पुरुहूता देवी का निवास है। आषाढ़ी नाम का पवित्र तीर्थ स्थान पर आषाढ़ेश महादेव और रति नाम वाली देवी का निवास है। दण्डिमुण्डी नाम से प्रसिद्ध तीर्थ स्थान पर मुण्डी महादेव और दण्डिका देवी का निवास है। लाकुलि नामक विशुद्ध तीर्थ में लाकुलीश महादेव और सर्वमंगला देवी का निवास है। भारभूति स्थान पर भार नाम शिव और भूति नाम से देवी पार्वती रहती हैं। अरालकेश्वर नामक स्थान पर भगवान शिव को सूक्ष्म और माता पार्वती को सुक्ष्मा के नाम से पुकारा जाता है। कुरुक्षेत्र में स्थाणु महादेव के साथ स्थाणुप्रिया महादेवी का निवास है। कनखल भगवान शिव के प्रमुख तीर्थों में से एक है। यहां भगवान शिव उग्र नाम से और गिरिराजनन्दिनी उमा नाम से निवास करती हैं। तालक नामक तीर्थ में स्वयम्भू महादेव और स्वायम्भुवी महादेवी रहती हैं। अट्टहास नाम के महातीर्थ में सूर्यदेव ने भगवान शिव की पूजा करके अपना मनोरथ पूर्ण किया था। कृत्तिवास तीर्थ का निवास महादेव जी को कैलाश की अपेक्षा अधिक प्रिय है। श्रीशैल तीर्थ पर भगवान महेश्वर भ्रमराम्बिका देवी के साथ मल्लिकार्जुन नाम से निवास करते हैं। यहां ब्रह्माजी ने सृष्टि कार्य की सिद्धि के लिये भगवान मल्लिकार्जुन महादेव का पूजन किया था। सुवर्णमुखरी नदी के पट पर भगवान शंकर कालहस्ती नाम से प्रसिद्ध हैं। भगवान कालहस्ती के साथ भृंगमुखराल नाम वाली देवी रहती हैं। भगवान व्यास ने यहां अम्बा सहित भगवान शिव की आराधना की थी। कांचीपुरी में एक आम के वृक्ष के नीचे कामाक्षीदेवी के साथ भगवान शिव कामशासन नाम से निवास करते हैं।
व्याघ्रपुर नाम के प्रसिद्ध तीर्थ में तिल्लीवन के अन्दर नृत्य करते हुये भगवान नटराज विराजमान हैं। यहां भगवान नटराज की उपासना महर्षि पतन्जलि ने की थी।
सेतुबन्ध नामक तीर्थ में भगवान रामचन्द्र ने समस्त पापों का नाश करने के साथ ही लंका पर आक्रमण करने और समुद्र पार करने से पहले रामेश्वर नाम से महादेव की स्थापना की थी।
गजप्रपा तीर्थस्थान पर भगवान वृषभध्वज संसार की रक्षा करने के लिये यहां अश्वत्थ वृक्ष के नीचे विराजमान हैं। मणिमुक्ता नदी के पट पर महादेव सदा निवास करते हैं। मध्यार्चन नामक स्थान पर मनोवाच्छित वर देने वाले भगवान शंकर गौरी देवी के साथ नित्य निवास करते हैं। सोमतीर्थ में भगवान शिव सोमनाथ के नाम से निवास करते हैं। मान्यता है कि यहां मनुष्य की मृत्यु हो जाने पर वह संसारिक बन्धनों से मुक्त हो जाता है। सिद्धवट तीर्थ स्थान पर सिद्ध पुरुष उत्तम ज्योतिर्लिंग की पूजा करते हैं। कमलालय नामक स्थल भी भगवान शिव के तीर्थ स्थानों में से एक है।यहां वाल्मीकेश्वर की पूजा करने से लक्ष्मी देवी ने अदभुत ज्ञान प्राप्त किया था।
द्रोणपुर नामक तीर्थ में भगवान शिव कलियुग की समाप्ति में समुद्र के दुखी होने पर भगवान पार्वती पित नौका पर आरुढ होते हैं। ब्रह्मपुर तीर्थ क्षेत्र में ब्रह्मदेव ने पुष्करिणी के तट पर महादेव की स्थापना की थी। कोटिक नाम क्षेत्र में भगवान चन्द्रशेखर भलीभांति ध्यान करने वाले पुरुषों के करोड़ों पापों का संहार करते हैं। गोकर्ण क्षेत्र के समीप भगवान शिव की आराधना करने की अभिलाषा रखने वाले महर्षि परशुराम स्वर्गलोक का सुख भी नहीं चाहते हैं।
त्रिपुरान्तक क्षेत्र में तीन नेत्रों वाले भगवान शिव के दर्शन करने से मुनष्य के नरक में जाने का भय मिट जाता है। कालन्जर क्षेत्र में निवास करने वाले भगवान नीलकण्ठ भक्तों के भयंकर संसार रोग का निवारण करते हैँ।
प्रियाल वन में भगवान अम्बिकापति ने दूध की इच्छा रखने वाले उपमन्यु को दूध का समुद्र ही दे दिया था। प्रभास क्षेत्र भगवान चन्द्रार्धशेखर ने भगवान श्रीकृष्ण और बलभद्र से पूजित होकर अक्षय फल प्रदान किया।
वेदारण्य तीर्थ में प्रजापित दक्ष ने मोक्ष के लिये भगवान शंकर की प्रार्थना की थी। हेमकूट नामक तीथ स्थल भगवान त्रिलोचन का स्थान है। मान्यता है कि यहां तपस्या करने वाले मुनष्य का पुनर्जन्म नहीं होता है। वेणुवन नामक क्षेत्र सब पापों का नाश करने वाला है। यहां वंशलता के गर्भ से मुक्तामणिमय भगवान शिव प्रकट हुये। अन्धकासुर के शत्रु भगवान शिव का जालन्धर नामक स्थान है,यहां तपस्या करके जलन्धर ने शिव के गणों पर आधिपत्य प्राप्त किया।
इसी प्रकार ज्वालामुख, भद्रपट, गन्धमादन, वीरकोष्ठ, गोपर्वत, मयुरपुर यानि मायावग्म, वेगवती नदी के पट पर श्रीसुन्दर, कुम्भकोण,त्रयम्बक, श्रीपाटल, रक्तकानन, हाटकेश्वर, कैलाश पर्वत आदि भगवान शिव के प्रमुख तीर्थ स्थानों में शामिल हैं।



