मथुरा में जय श्रीराम बोलने पर 10वीं के छात्र को अध्यापक ने पीटा

  • Tuesday January 30 2024 - 11:19 AM
  •  

  •  छात्र ने कहा- अध्यापक को नमस्ते की जगह बोल दिया था जय श्रीराम 
  •  छात्र के परिजनों ने कॉलेज में काटा हंगामा, वीडियो वायरल

मथुरा। मथुरा के फरह क्षेत्र स्थित सेठ प्रेम सुखदास इंटर कॉलेज में सोमवार सुबह उस समय हंगामा हो गया जब एक छा़त्र ने नमस्ते की जगह टीचर से जयश्रीराम बोल दिया। कॉलेज के दसवीं के छात्र ने आरोप लगाया है कि उसने शिक्षक को जय श्रीराम बोल दिया। इस पर शिक्षक ने पिटाई लगा दी। छात्र की पिटाई लगने पर परिजन कॉलेज पहुंच गए और हंगामा किया। कॉलेज प्रधानाचार्य ने इस मामले में सफाई दी है कि दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था। अध्यापक ने डांट लगा दी। इससे नाराज दसवीं के छात्र ने इस मामले को धार्मिक रंग दे दिया हैं।

फरह के गांव सनौरा निवासी एक किशोर सेठ प्रेम सुखदास इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। इंटर कॉलेज माध्यमिक शिक्षा विभाग से सहायता प्राप्त है। छात्र का आरोप है कि सोमवार सुबह जब वह कॉलेज में परीक्षा देने गया तो कॉलेज के गेट पर खड़े एक अध्यापक और अध्यापिका से नमस्ते की बजाए जय श्री राम कहकर संबोधन किया। आरोप है कि जय श्री राम सुनते ही दोनों आग बबूला हो गए और जमकर पिटाई की। इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी गई। इधर, परिजन अपने साथ कॉलेज पर गांव से समर्थकों को लेकर पहुंचे। वहां करीब दो घंटे तक भारी हंगामा हुआ। दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। अध्यापक ने छात्र की पिटाई के आरोपों से इनकार किया। बाद में कुछ लोगों द्वारा बीच बचाव किया गया तब जाकर मामला शांत हुआ।

प्रधानाचार्य ने दी सफाई

कॉलेज की प्रधानाचार्य मंजू ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि छात्र के आरोप गलत हैं। दसवीं के छात्र व एक अन्य छात्र की बीच तनातनी  हो रही थी। दोनों एक-दूसरे को धमका रहे थे। यह सुनने पर अध्यापक ने उनको डांट लगा दी थी। इसी बात पर एक छात्र मामले को धार्मिक रंग दे दिया।

छात्र ने वीडियो किया वायरल

छात्र ने इस मामले में एक वीडियो बयान वायरल किया है। उसका कहना है, सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर लोग तमाम तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। छात्र इसमें साफ तौर पर कह रहा है कि जय श्रीराम बोलने पर उसकी पिटाई की गई।

डीआईओएस कराएंगे मामले की जांच

जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि इस प्रकरण में छात्र या उसके परिजनों ने किसी तरह से शिकायत नहीं की है। अगर, उनके द्वारा शिकायत की जाती है तो मामले की जांच कराई जाएगी, जो भी दोषी होगा। उसके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।