मासिक धर्म पर बनी फिल्म 'मासूम सवाल' देशभर में 5 अगस्त को होगी रिलीज

  • Friday July 22 2022 - 10:37 PM
  •  

  • बड़े बजट की फिल्म की 80 फीसदी शूटिंग वृंदावन में हुई
  • अनेक संत और समाजसेवी फिल्म में  दिखेंगे 
  • फिल्म में 5 गाने और भजन रखे गए हैं सेंसर बोर्ड ने फिल्म पास की
  • मथुरा समेत देश भर के 180 सिनेमा हॉल में लगेगी

मथुरा/ वृंदावन । नक्षत्र-27 मीडिया प्रोडक्शन के बैनर तले बनी बडे बजट की फिल्म ”मासूम सवाल: द अन्यबेयरेबल पेन“  जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मथुरा सहित देशभर के सिनेमा हाॅल में 05 अगस्त से प्रदर्शित होगी।  इस फिल्म की 80 फीसदी सूटिंग वृन्दावन में हुयी है। फिल्म की निर्माता रंजना उपाध्याय और निर्देशक जा ने माने ज्योतिषी संतोष उपाध्याय हैं।

बडे बजट की इस फिल्म में मुख्य भूमिका मुंबई की कलाकार नितांशी गोयल की है। दिल्ली व पूर्वांचल के कई बडे कलाकार शिशिर शर्मा, रोहित तिवारी, मधु सचदेवा, रामजी वाली, वृन्दा त्रिवेदी, मोहा चौधरी आदि ने अलग-अलग  भूमिका निभाई हैं। फिल्म की पटकथा व संवाद कमलेश के मिश्र के हैं जबकि संगीतकार हैं बापी भट्टाचार्य। फिल्म में पांच गीत और जन्माष्टमी का भजन है जो  संतोष और पीसी गिरि ने लिखे हैं। 

फिल्म की सूटिंग वृंदावन के कान्हा माखन स्कूल, हरेकृष्णा आर्चिड, प्रेम मंदिर के बाहर, नगर पालिका चौराहा, वात्सल्य ग्राम में हुई। यमुना आरती और गोवर्धन परिक्रमा आदि के दृश्य भी फिल्माए गये हैं। फिल्म में कुल 18 मिनट का संगीत है। एक गीत घर में बेटे के जन्म के समय गाये जाने वाला रखा गया है जो फिल्म में बेटी के जन्म की खुशी पर गाया गया है। इस गीत को सौहर बोला जाता है। 

फिल्म निर्देशक संतोष उपाध्याय ने बताया कि यह फिल्म एक किशोरी के इर्द गिर्द घूमती है। बचपन में जब वह छोटी थी तब अपने भाई को खोजती है, तब घर वाले श्रीकृष्ण को उसका भाई बता देते हैं। 14 वर्ष की होने तक वह बच्ची कृष्ण को भाई मानकर उससे खेलती है। पहली बार मासिक धर्म (पीरियड) की स्थिति में उसे भगवान श्रीकृष्ण के विग्रह को छूने से मना कर दिया जाता है। इसके बाद शुरू हुई उस बच्ची की जटिलताओं को कहानी के रूप में इस फिल्म में  दर्शाया गया है। बच्ची और उसके पीरियड के मासूम सवाल को ही फिल्म का रूप दिया गया है। इसमें पीरियड संबंधी महिलाओं की रूढ़िवादिता को उजागर कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराया गया है। फिल्म देखने के दौरान लोग अपने मन में सवाल करेंगे कि बच्चियों के पीरियड के समय उनकी जो शारीरिक एवं मानसिक पीड़ा  होती है उसे हम लोग कब तक सहन करते रहेंगे। 

इस फिल्म में इस विषय पर एक लाइव डिबेट भी दर्शाई गई है जिसमें वृंदावन की शिक्षाविद एवं समाजसेवी डाॅ. लक्ष्मी गौतम, भागवताचार्य योगेश प्रभाकर व मनोज मोहन शास्त्री, संत वेदान्ती जी ने भाग लिया है। 05 अगस्त से लगने वाली इस फिल्म का ब्रजवासियों को बेस्रबी से इंतजार है।