हाथ में कलावा, माथे पर तिलक लगाकर बांकेबिहारी मंदिर में जेब काटता पकड़ा गया इकलाख
वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ में तिलक लगाकर और हाथ में कलावा बांधकर जेब काटने वाले एक युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। आरोपी पहले पुलिस को अपना नाम गलत बताता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने अपना असली नाम इकलाख बताया। आरोपी के पकड़े जाने पर पुलिसकर्मी और श्रद्धालु दोनों ही हैरान रह गए।
दिल्ली के अधिवक्ता की सतर्कता से खुली जेबकतरे की पोल
दिल्ली निवासी अधिवक्ता आशुतोष अपने परिवार के साथ श्री बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन के दौरान भीड़ में उन्हें महसूस हुआ कि कोई उनकी जेब में हाथ डाल रहा है। उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए युवक का हाथ पकड़ लिया। युवक ने हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन आसपास मौजूद श्रद्धालुओं की मदद से उसे पकड़ लिया गया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पहले गलत नाम बताया, पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस आरोपी को बिहारी जी चौकी लेकर पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को अपना नाम गलत बताया, लेकिन जब उससे गहन सवाल-जवाब किए गए तो वह फंस गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इकलाख पुत्र इकबाल, निवासी गोविंद नगर, चौक बाजार बताया।
आरोपी के पास से मोबाइल, पर्स, कार्ड और चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन, पर्स, पैन कार्ड, डेबिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, 500 रूपये, एक चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर मंदिर परिसर में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
दो अन्य चोर भी गिरफ्तार
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो अन्य चोरों को भी गिरफ्तार किया है। रवि पुत्र भगवान दास उर्फ भुल्लीराम, निवासी नरी सैमरी, को राधावल्लभ मंदिर के पास श्रद्धालु का पर्स चुराते हुए पकड़ा गया। शिवम पुत्र रमेश, निवासी रसूलपुर, फिरोजाबाद, को देवराहा बाबा घाट से दबोचा गया। वह चोरी का मोबाइल बेचने के लिए वहां आया था।
मंदिर क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता
घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस श्रद्धालुओं से अपील कर रही है कि दर्शन के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।



