देखूं नंदकुमार नयन भर...देखूं नंदकुमार

  • Monday December 20 2021 - 11:59 AM
  •  

  •  सेवा महोत्सव में पधारे जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डा. राघवाचार्य जी महाराज 
  •  भागवत प्रवक्ता इंद्रेश उपाध्याय ने की राग सेवा

वृन्दावन। देखूं नंदकुमार नयन भर....देखूं नंदकुमार... ता दिन तें सब भूल गई हूं...विसरों पति परिवार...विसरों यह संसार..., जय राधारमण...प्यारो राधारमण...प्यारे राधारमण, जय जय राधारमण आदि भजनों की प्रस्तुति सुप्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता इंद्रेश उपाध्याय द्वारा दी गई, उन्होंने ठाकुरजी का रिझाने के लिए राग सेवा की, जिसे सुन भक्त एवं श्रद्धालु आत्मविभोर होकर नृत्य करने लगे। यह कार्यक्रम श्रीचैतन्य प्रेम संस्थान के तत्वावधान में श्रीराधारमण मंदिर शीतकालीन निकुंज सेवा महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित किया गया। 

सेवा महोत्सव के अंतर्गत श्रीअयोध्या से जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डा. राघवाचार्य जी महाराज पधारे, ठाकुरजी के दर्शन कर वह गदगद हो गए, आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी द्वारा उन्हें माला, पटका ओढाकर प्रसाद भेंटकर सम्मानित किया गया।

सेवा महोत्सव के अन्तर्गत ठाकुर राधारमण देव जू ने अपनी प्रियाजू संग द्वाद्वश-भक्ति-रस-निकुंज के अन्तर्गत भक्तों को दर्शन दिए। शीतऋतु के दृष्टिगत ठा. राधारमण लाल ने लाल रंग की जैकेट सहित नीले रंग की आभूषणों एवं रत्नजड़ित पोशाक धारण की। नीलवर्ण राधारमण के जयकारे के साथ श्रद्धालु अपने प्रभु को अपलक नेत्रों से निहार रहे थे। शीतलहर को देखते हुए ठाकुर जी एवं प्रियाजू को तपिश देने के लिए चांदी की अंगीठी भी निवेदित की एवं प्रातःकाल में गरम-गरम खिचड़ी का भोग ठा. राधारमण लाल के सम्मुख निवेदित किया गया।    

इस अवसर पर आध्यात्मिक गुरू आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी,  वेणुगोपाल गोस्वामी, अभिनव गोस्वामी, सुवर्ण गोस्वामी आदि उपस्थित थे।