मां धूमावती का दस महाविद्याओं में सातवां स्थान, यहां सुहागिन स्त्रियों को दूर से ही करने चाहिए मां के दर्शन
मां धूमावती का दस महाविद्याओं में सातवां स्थान है। ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को इनका प्राकट्य हुआ था। माता का स्वरुप श्वेत मलिन वस्त्र पहने हुए है। केश खुले हैं और विधवा का स्वरुप है। हाथ में सूप धारण किए रहती हैं। कौवा मां का वाहन है। मां दुष्टों के संहार के लिए उग्र स्वरुप धारिणी हैं। भगवान परशुराम, ऋषि दुर्वासा, ऋषि भृगु मां के उपासक हैं। कुछ लोग मानते हैं कि गृहस्थ लोगों को इनकी साधना उपयुक्त नहीं। साधक को जप या हवन से पहले इनका आह्वान ओर पूजा समाप्ति के बाद इनका विसर्जन कर देना चाहिए। शास्त्रों में इन्हें समस्त तंत्रों की काट माना गया है।
मां धूमावती का प्राकट्य
एक बार मां पार्वती भगवान शिव के साथ हिमालय में विहार कर रही थीं तब उन्हें भूख लगी तो शिव से भोजन का प्रबंध करने को कहा। शिव के कुछ देर इंतजार करने की कहने पर उन्होंने शिव को ही निगल लिया। सृष्टि के आदिकारण शिव का शक्ति के उदर में चले जाने से संतुलन बिगड़ गया तो शिव ने देवी से उन्हें उदर से निकालने की प्रार्थना की। इस पर देवी ने उन्हें उगल दिया। दरअसल मां की यह लीला अपनी कामनाओं पर विजय प्राप्त करने या उनका दमन करने का बोध जीव को कराती है। कहा जाता है कि वैधव्य को जानने की इच्छा से ही उन्होंने यह लीला रुप धारण किया है। मां की इस इच्छापूर्ति के लिए ही सदाशिव इस लीला में सहायक हुए। दूसरी कथा के अनुसार देवी सती के दक्ष यज्ञ में आत्मदाह करने पर उनकी देह से उठने वाला धुआं ही मां धूमावती का स्वरुप माना जाता है।
मां का अनोखा व प्रमुख मंदिर
दतिया की पीतांबरा शक्तिपीठ में मां का प्रसिद्ध मंदिर है जहां सुहागिन स्त्रियां इनकी पूजा की अधिकारिणी नहीं होतीं। सुहागिन स्त्रियों को दूर से ही मां के दर्शन पति और पुत्र की दीर्घायु की कामना से करने चाहिए। हालांकि मां का स्वरुप दुरूख, दारिद्रय, कलह और प्रलय से संबद्ध माना जाता है लेकिन अपने भक्तों को अभय देने वाली मां अपने शरणागतों के दुख, दारिद्रय और दुर्भाग्य को दूर करती हैं। केवल विधवा ही इनके दर्शन निकट से कर सकती हैं।
आरती के समय 2 घंटे के लिए होते मां के दर्शन
केवल शनिवार के दिन को ही सुबह-शाम दो घंटे के लिए होते हैं। आरती के समय ही इनके दर्शन होते हैं। शनिवार को ही काले कपड़े में काले तिल रखकर मां को भेंट किए जाते हैं। बाकी समय में मंदिर के पट बंद होते हैं। माता को नमकीन पदार्थों जैसे समोसे, कचौड़ी और पकौड़े आदि भाते हैं।
स्वामीजी ने की मां धूमावती की स्थापना के साथ ही देहावसान की तैयार
मां के मंदिर स्थापना के संबंध में कहा जाता है कि पीतांबरा देवी की स्थापना करने वाले संत स्वामी जी महाराज ने मां धूमावती की भी स्थापना की तो कई विद्वानों ने उनसे ऐसा न करने के लिए कहा। इस पर स्वामी जी ने कहा कि मां सदैव अपने भक्तों के लिए कल्याणकारी होती हैं। कहा जाता है कि इसी दिन स्वामी जी ने अपने देहावसान की तैयारियां शुरु कर दी। इसके ठीक एक वर्ष बाद ही मां धूमावती की जयंती के दिन ही वे ब्रह्मलीन हुए।



