कबूतरबाजीः गले में कंठी हाथ में माला झोली लेकर वृंदावन से कर रहे थे अवैध विदेश भेजने का काम

  • Wednesday March 04 2026 - 06:45 PM
  •  

  • अवैध तरीके से विदेश भेजने के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार
  • पंजाब से वृंदावन आकर ढाई साल से कर रहे थे कबूतरबाजी
  • जनवरी में पंजाब के मलेरकोटला में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
  • पंजाब पुलिस ने दबिश देकर हरे कृष्णा ऑर्चिड के फ्लैट से किया गिरफ्तार

वृंदावन। अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजने के मामले में पंजाब पुलिस ने दबिश देकर सुनरख मार्ग स्थित हरे कृष्णा ऑर्चिड सोसायटी के फ्लैट से पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। पिछले दो माह से फरार चल रहे कबूतरबाजी के आरोपी दंपति की गिरफ्तारी से सोसायटी में हड़कंप मच गया।

पंजाब के पटियाला निवासी सौरभ गुप्ता और उनकी पत्नी प्रगति गुप्ता वृंदावन में रहकर कबूतरबाजी का धंधा कर रहे थे। दोनों अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजते थे और इसके बदले लाखों रुपये वसूलते थे। जनवरी माह में पंजाब के मलेरकोटला थाने में इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी, जिसके बाद से पंजाब पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

पंजाब के मलेरकोटला पुलिस क्षेत्राधिकारी मानवजीत सिंह सिंधु के नेतृत्व में टीम ने सुनरख मार्ग स्थित हरे कृष्णा ऑर्चिड के बी-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 812 पर दबिश दी। यहां पिछले ढाई साल से रह रहे दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया। दंपति के साथ उनके दो बच्चे भी रह रहे थे। तीन गाड़ियों में पहुंची पंजाब पुलिस की कार्रवाई से सोसायटी में हलचल मच गई।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, सौरभ गुप्ता और प्रगति गुप्ता लोगों को अवैध तरीके से विदेश भेजने का काम करते थे। गले में कंठी और धार्मिक पहनावे में रहकर वे वृंदावन में अपनी पहचान छिपाए हुए थे। स्थानीय पुलिस के सहयोग से पंजाब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

विदेशों में अवैध तरीके से भेजने को कहते हैं कबूतरबाजी

कबूतरबाजी मूल रूप से एक खेल है, जिसमें कबूतरों को उड़ाया या लड़ाया जाता है। लखनऊ, पुरानी दिल्ली, हैदराबाद और आगरा जैसे शहरों में यह खेल कभी नवाबों का शौक हुआ करता था। लेकिन इस मामले में कबूतरबाजी का अर्थ कबूतरों का खेल नहीं, बल्कि अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजना है। पंजाब में यह शब्द विशेष रूप से प्रचलित है और अवैध मानव तस्करी जैसे मामलों में कोड वर्ड के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

विदेश जाने का ख्वाब बढ़ा रहा कबूतरबाजी का जाल

पंजाब में विदेश जाकर कमाने और बसने का चलन पुराना है। कनाडा और अमेरिका जाने की चाहत रखने वाले युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। वीजा न मिलने पर कई लोग एजेंटों के चक्कर में पड़ जाते हैं। ये एजेंट अवैध तरीके से विदेश भेजने का झांसा देते हैं और इसी प्रक्रिया को ‘कबूतरबाजी’ कहा जाता है। इसी लालच में फंसकर लोग अपनी गाढ़ी कमाई गंवा बैठते हैं।

रिहायशी इलाके में संचालित कर रहे थे गेस्ट हाउस

वृंदावन स्थित हरेकृष्णा ऑर्चिड एक आवासीय सोसायटी है, लेकिन यहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। आरोप है कि दंपति अवैध रूप से गेस्ट हाउस चला रहे थे। पुलिस को उनके पास से 12 फ्लैटों की चाबियां बरामद हुईं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे फ्लैट किराए पर देते थे। हालांकि न तो कोई विधिवत रिकॉर्ड रखा जा रहा था और न ही जीएसटी पंजीकरण था।

पुलिस के अनुसार, दंपति अब तक करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं। वृंदावन में धार्मिक वेशभूषा अपनाकर वे लोगों को भ्रमित करते थे। गले में कंठी माला डालकर स्वयं को राधाकृष्ण का भक्त बताते थे, जबकि पर्दे के पीछे अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। पंजाब पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई है। इधर वृंदावन पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या स्थानीय लोगों को भी ठगकर फर्जी तरीके से विदेश भेजा गया। फिलहाल पूछताछ में ऐसी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।