अयोध्याः श्रीराम मन्दिर में इस दिन होगी प्राण-प्रतिष्ठा, सूर्यनारायण करेंगे प्रभु राम का तिलक

  • Monday May 01 2023 - 06:13 PM
  •  

अयोध्या। श्रीराम जन्म भूमि में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य जोरों पर है। अब रामलला टाट से ठाठ में आने वाले हैं। भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होगी। भगवान राम के गर्भगृह का निर्माण दिसंबर 2023 तक पूरा हो जाएगा और भक्तों के लिए जनवरी 2024 में इसे खोल दिया जाएगा। हालांकि, दूसरी मंजिल और मंदिर के अन्य हिस्सों का निर्माण जारी रहेगा। 

सूत्रों के अनुसार भगवान राम और माता सीता की मूर्तियों को बनाने के लिए विशेष प्रकार के पत्थरों का प्रयोग किया गया है। मूर्तियों को बनाने के लिए जिन पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है, वह नेपाल से मंगाए गए हैं। माना जा रहा है कि ये पत्थर सैकड़ों वर्ष पुराने हैं और नेपाल की काली गंडकी नदी में खोजे गए थे।

सू़त्रों की मानें तो श्रीराम मन्दिर में भगवान राम की मूर्ति की ऊंचाई 5 से 5.5 फीट के बीच होगी। भगवान राम की ऊंचाई इस तरह से चुनी गई है कि रामनवमी के दिन सूर्य की किरणें सीधे भगवान राम के माथे पर आए। यानि कि राम लला की मूर्ति पर राम नवमी के दिन सूर्य की किरणें अभिषेक करें। मूर्तियों का निर्माण अयोध्या में होगा जहां राम मन्दिर का निर्माण चल रहा है। इससे पहले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या के राम मन्दिर में रामलला की मूर्ति स्थापित करेंगे। उस दिन ऐसे समय किया जाएगा जब पांच मिनट तक सूर्य की किरणें रामलला के ललाट पर रहेंगी। इसे सूर्य तिलक कहा गया है।

राम मन्दिर का निर्माण शुरू होने से पहले ही उसे दान मिलना शुरू हो गया था और मन्दिर ट्रस्ट द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जनवरी 2023 से मन्दिर का दान तीन गुना बढ़ गया है। 

बताया जा रहा है कि अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर के मूल गर्भगृह में राम लला की बाल्यकाल की पांच फुट ऊंची, धनुर्धारी रूपी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। रामलला की नई मूर्ति को लेकर विचारविमर्श करने के लिए अयोध्या में ट्रस्ट द्वारा दो दिवसीय बैठक सोमवार से आयोजित की गई। राम मन्दिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि उन्हें शीर्ष संतों और हिंदू विद्वानों से सुझाव मिले हैं कि राम लला की प्रतिमा उनके बाल्यावस्था की होनी चाहिए। करीब 5-6 साल के बच्चे की तरह होनी चाहिए। विचार यह है कि केवल एक, खड़ी मुद्रा वाली प्रतिमा बनाई जानी चाहिए।