श्रीबांकेबिहारी के श्रद्धालुओं के लिए न ही एंबुलेंस, न ही होल्डिंग एरिया

  • Wednesday April 10 2024 - 12:31 AM
  •  

  • भीड़ नियंत्रण के उपाय ना काफी, हर दिन श्रद्धालुओं की बिगड़ रही तबियत
  • आधे-अधूरे इंतजाम के बीच लाखों श्रद्धालु कर रहे दर्शन 
  • मंदिर मार्गों पर अतिक्रमण, छुट्टा गोवंश श्रद्धालुओ के लिए बन रहे परेशानी का कारण

वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं दर्शन करने आ रहे हैं, भीड़ के दबाव में श्रद्धालु की तबियत बिगड़ रही है। इसके बावजूद न ही बीमार श्रद्धालु के लिए एंबुलेंस उपलब्ध है और ना ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया। उधर मंदिर क्षेत्र में छुट्टा गोवंश एवं जबर्दस्त अतिक्रमण से श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों का मार्गों पर चलना दुश्वार हो रहा है। 

सामान्य दिनों में ठा. बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने के लिए 80 हजार से एक लाख श्रद्धालु आ रहे है। शनिवार और रविवार को यह संख्या बढकर डेढ लाख और इससे अधिक हो जाती है। मंदिर को जाने वाले दो प्रवेश मार्गों में पहला विद्यापीठ से लेकर मंदिर को जाने वाले मार्ग के दोनोें ओर जबर्दस्त अतिक्रमण है। दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पूरी तरह से कब्जा लिए हैं। मार्गों पर भी रेहड़ी, ठेली लगाने वालों ने अतिक्रमण कर लिया है। यही हालत जुगलघाट की ओर से आने वाले प्रवेश मार्ग का है। मंदिर को जाने वाले मार्ग और गलियों में भी छुट्टा गोवंश श्रद्धालुओ के लिए बाधक बन रही है। दुर्घटना होने का डर बना रहता है। मंदिर की गलियों में भीड़ का दबाव को कम करने के लिए क्षेत्र में होल्डिंग ऐरिया नहीं है। जहां श्रद्धालुओं को कुछ समय के लिए रोका जा सके। मंदिर और गलियो में भीड़ कम होने पर उन्हेें आगे बढाया जा सके। इसके अलावा भीड़ के दबाव के बीच पिछले माह 106 श्रद्धालुओ की तबियत खराब हुई। पिछले सात दिनो में 12 से अधिक श्रद्धालुओं की तबियत बिगड़ी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के कारण श्रद्धालुओं के लिए स्थाई तौर पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। पुलिसकर्मी बीमार होने पर ई रिक्शा से अस्पताल ले जा रहे हैं। मंदिर मार्गों पर भीड़़़ के नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा बनाए गए नो होल्डिंग बैरियर भीड़ के दबाव को और भी बढ़ा देते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। 

बांकेबिहारी मंदिर के स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. विनायक प्रतार्प ंसह ने बताया कि मंदिर के लिए स्थाई रुप से एंबुलेंस नहीं है। मंदिर क्षेत्र में एंबुलेंस 108 के लिए दो हॉट स्पॉट बने हैं। जहां विद्यापीठ चौराहा और जादौन पार्किंग। यदि जिले में कहीं इमरजेंसी नहीं है तभी एंबुलेंस वहां उपलब्ध होगी।