विदेशी भक्त अत्याधुनिक तकनीक से कृष्ण लीलाओं का कर रहे दर्शन

  • Wednesday November 08 2023 - 04:41 PM
  •  

  • रशियन विदेशी कृष्ण भक्त ने एनीमेशन लीला दिखाकर कृष्ण भक्ति का कर रहे प्रचार
  • 15 वर्षों से कनाड़ा, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में कर चुके हैं प्रदर्शन 

वृंदावन। कार्तिक मास के अवसर पर वृंदावन में जहां सैकड़ों विदेशी भक्त गुरुजनों के सानिध्य में सुबह से रात तक आराध्य को पाने के लिए नियम सेवा कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर भक्ति मार्ग पर चलने और भगवान राम और कृष्ण की लीलाओं के समझने के लिए एनीमेशन मूवी  अत्याधुनिक तकनीक जरिए देख रहे हंैं। रशियन कृष्ण भक्त ने अंतरिक्ष के आकार का डोम तैयार किया है। इस पर एनीमेशन कृष्ण और रामलीला का आनंद विदेशी भक्त ले रहे हैं। 

सेवाकुंज क्षेत्र स्थित रशियन कृष्ण भक्त स्वामी भक्ति विमल अवधूत महाराज ने दो दर्जन से अधिक कृष्ण भक्तों के साथ फुल डोम प्रो मूवी तैयार की है। इसमें भगवान कृष्ण और राम की लीलाओं का एनीमेशन के जरिए चलचित्र तैयार किए गए हैं। स्वामी विमल अवधत महाराज ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से अंतरिक्ष नुमा डोम के जरिए रुस, अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रिया, ऑस्ट्रेलिया, कोलंबो में भक्तों को कृष्ण और राम लीला इस अत्याधुनिक तकनीकि के जरिए दिखा चुके हैं।

भारत में वृंदावन में आचार्य श्रीचैतन्य सारस्वत मठ में लीलाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस एनीमेशन तकनीकि से भक्तों को ऐसा प्रतीत होता है कि वह सचमुच में हैं आज से पांच हजार साल पुराने वृंदावन में चले गए हैं और लीला के साक्षी बन रहे हैं। ऐसा अनुभव कराने के लिए लीला दर्शन कराते समय अंधेरा कर दिया जाता है। डोम के नीचे बैठकर या लेट कर लीला दर्शन कराया जा रहा है। इसे कृष्ण भक्त वैदिक प्लेटोरियम का नाम दे रहे हैं।

रशियन कृष्ण भक्त अर्जुन दास एवं कल्याणी देवी दासी ने कहा कि इस तरह की एनीमेशन लीला को देख भगवान की लीलाओं को जानने में आसानी होती है। भक्तों को पता चलेगा कि भगवान राधा कृष्ण और राम ने किस तरह की लीलाएं की हैं। इनका उद़्देश्य क्या है। क्यों भक्तों को उनका स्मरण करना चाहिए।