महंगाई का बड़ा झटका, अमूल ने 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए दूध के दाम

  • Saturday February 04 2023 - 08:27 AM
  •  

नई दिल्ली। अमूल (Amul) ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका देते हुए पैकेट दूध की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी कर दी है। अब अमूल की ओर से कीमतों में बढ़ोत्तरी के बाद बाकी कंपनियों के दूध के दाम बढ़ाने की संभावना तेज हो गई है।

दरअसल अमूल ने शुक्रवार की सुबह जो नई लिस्ट जारी की है उसमें आधा लीटर की कीमत 27 रुपये और एक लीटर ताजा दूध की कीमत 54 रुपये कर दी है। 2 लीटर की कीमत 108 रुपये , 6 लीटर की कीमत 324 रुपये कर दी है। वहीं अमूल गोल्ड आधा लीटर 33 रुपये, अमूल गोल्ड एक लीटर 66 रुपये हो गई है। अमूल गाय के दूध की बात करें तो आधा लीटर 28 रुपये, एक लीटर 56 रुपये हो गया है।

गौरतलब है कि गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड अमूल ब्रांड के नाम के साथ डेयरी के प्रोडक्ट बेचता है। साल 2022 में मदर डेयरी ने इससे पहले अगस्त में 2 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था। इससे पहले मार्च 2022 में कीमतों में इजाफा हुआ था, फिर 15 अक्टूबर को भी दूध के दाम बढ़ाए गए थे ।