धर्मेंद्र की बेटियां अजीता और विजेता देओल कौन हैं? जानिए इन दो सादगी भरी हस्तियों के बारे में

  • Friday November 14 2025 - 01:01 AM
  •  

मुंबई। बॉलीवुड के देओल परिवार का नाम हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित और प्रतिष्ठित परिवारों में गिना जाता है। धर्मेंद्र, जिन्हें सिनेमा जगत का “ही-मैन” कहा जाता है, ने न केवल अपनी फिल्मों से बल्कि अपने परिवारिक संस्कार और विनम्रता से भी लोगों का दिल जीता। जहां उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल ने फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाई, वहीं बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल (हेमा मालिनी से) भी चर्चित रहीं। लेकिन धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर से जन्मी दो बेटियां अजीता और विजेता देओल ने हमेशा खुद को पब्लिक लाइमलाइट से दूर रखा।

धर्मेंद्र की पहली पत्नी से दो बेटियां- अजीता और विजेता देओल

धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर से उन्हें चार बच्चे हुए सनी देओल (1957), विजेता देओल (1962), अजीता देओल (1966) और बॉबी देओल (1969)। जहां सनी और बॉबी बॉलीवुड में सुपरस्टार बने, वहीं विजेता और अजीता ने ग्लैमर से दूरी बनाकर शांत जीवन चुना। दोनों बहनें अपने भाइयों और मां से बेहद करीब हैं, लेकिन मीडिया की सुर्खियों से हमेशा दूर रहना पसंद करती हैं।

अजीता देओल: पढ़ाई-लिखाई और सेवा के रास्ते पर

अजीता देओल को देओल परिवार की ‘इंटेलेक्चुअल पावरहाउस’ कहा जाता है। उन्होंने ग्लैमर की बजाय शिक्षा और मनोविज्ञान (Psychology) के क्षेत्र को चुना। वह वर्तमान में कैलिफोर्निया (अमेरिका) में रहती हैं और वहां मनोवैज्ञानिक और टीचर के रूप में कार्यरत हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अजीता ने सैन फ्रांसिस्को के एक स्कूल में साइकॉलजी पढ़ाती हैं और अपने पति किरण चौधरी के साथ वहीं बस गई हैं। उनकी दो बेटियां हैं- निकिता चौधरी और प्रियंका चौधरी — जो दोनों ही विज्ञान से जुड़ी प्रोफेशनल हैं। निकिता एक डेंटिस्ट, जबकि प्रियंका डेंटिस्ट और कॉस्मेटोलॉजिस्ट हैं। अजीता देओल ने यह साबित किया है कि सफलता केवल फिल्मी प्रसिद्धि में नहीं, बल्कि शिक्षा, परिवार और सेवा के समर्पण में भी छिपी होती है।

विजेता देओल: बिजनेस जगत में स्थापित नाम

वहीं दूसरी ओर विजेता देओल ने बिजनेस की दुनिया में अपना करियर बनाया। वह नई दिल्ली में रहती हैं और राजकमल होल्डिंग्स एंड ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड की डायरेक्टर हैं - यह कंपनी कई तरह के व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़ी है। विजेता की शादी व्यवसायी विवेक गिल से हुई है। उनके दो बच्चे हैं -प्रीणा गिल, जो एक राइटर और एडिटर हैं। साहिल गिल, जो मीडिया की चमक से दूर निजी जीवन पसंद करते हैं। दिलचस्प बात यह है कि धर्मेंद्र के होम प्रोडक्शन बैनर “विजेता फिल्म्स” (Vijeta Films) का नाम उन्हीं के नाम पर रखा गया था। इस बैनर के तहत ‘बेताब’, ‘घायल’, ‘बरसात’ और ‘अपने’ जैसी सुपरहिट फिल्में बनीं।

सादगी में शालीनता, परिवार में अपनापन

अजीता और विजेता देओल ने हमेशा चमक-दमक से दूर एक संतुलित जीवन चुना है। वे खास मौकों पर देओल परिवार के साथ नजर आती हैं लेकिन मीडिया अटेंशन से दूरी बनाए रखती हैं। दोनों बहनों का जीवन यह संदेश देता है कि गौरव केवल प्रसिद्धि से नहीं, बल्कि सादगी और मूल्यों से भी पाया जा सकता है।