सनातन बोर्ड गठन के लिए हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहारी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा खून से पत्र
प्रयागराज। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह केस में हिंदू पक्षकार पडित दिनेश शर्मा फलाहारी ने महाकुंभ में प्रवास के दौरान अपने खून से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने सनातन बोर्ड बनाने और बक्फ बोर्ड को समाप्त करने की मांग की है।
उन्होंने पत्र को सोशल प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा है। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि सनातन बोर्ड का गठन परम आवश्यक है। ताकि देश के मठ, मंदिरों का संचालन, गौहत्या पर पूरी तरह प्रतिबंध लग सके। सनातन के सबसे बड़े मठ शंकराचार्य पीठों को लेकर चल रहे विवादों को समाप्त किया जा सकता है। ताकि देश में चार पुरातन पीठों के देश में सिर्फ चार ही शंकराचार्य हों। असली-नकली का भेद समाप्त हो सकें।
सनातन बोर्ड चुनाव आयोग की तरह एक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष संस्था बने, जिससे संपूर्ण भारतवर्ष के सनातनी धर्माचार्य उसका लिखित संविधान बनाकर, हिंदू धर्म को मजबूत कर सके। उन्हांेंने कहा कि देश के हिंदओं की जनभावना को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट में सनातन बोर्ड के गठन का प्रस्ताव पास कर, लोकसभा में बिल पेश करें। ताकि सनातन धर्म की ध्वज पताका देश में ही नहीं विश्व में फहराई जा सके।
यह वहीं दिनेश शर्मा फलाहारी हैं, जिन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कब्जा मुक्त कराकर भव्य मंदिर निर्माण हो जाने तक नंगे पांव रहने एवं अन्न का त्याग का संकल्प लिया है। पिछले 3 वर्ष से उन्होंने अन्न ग्रहण नहीं किया है। यह एक वर्ष पहले मोहम्मद पैगंबर साहब पर विवादित बयान देने के कारण जेल जा चुके हैं।



