वृंदावन में 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक
वृंदावन में 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक
- भीड़ को देखते हुए 25 दिसंबर और 1 जनवरी को ई-रिक्शा संचालन रहेगा प्रतिबंधित
वृंदावन। नववर्ष के अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के वृंदावन आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात प्लान लागू किया है। जाम की समस्या से निजात दिलाने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक नगर में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं अत्यधिक भीड़ को देखते हुए 25 दिसंबर और 1 जनवरी को नगर में ई-रिक्शाओं का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।
सभी प्रवेश मार्गों पर लगाए जाएंगे बैरियर
यातायात नियंत्रण के लिए वृंदावन के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरियर लगाकर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी के जवानों की तैनाती की जाएगी। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
प्रवेश मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग
यातायात प्लान के तहत बाहरी वाहनों को नगर सीमा से बाहर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा-
- छटीकरा मार्ग से आने वाले वाहन: रुक्मिणी विहार पार्किंग
- मथुरा की ओर से आने वाले वाहन: पागल बाबा मंदिर के समीप पार्किंग
- यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन: पानी गांव पार्किंग व दारुक पार्किंग
- आगरा-दिल्ली हाईवे से सुनरख मार्ग होकर आने वाले वाहन: छह शिखर मंदिर स्थित पार्किंग
श्रद्धालु अपने वाहन इन स्थायी व अस्थायी पार्किंग स्थलों पर खड़े कर ई-रिक्शा एवं गोल्फ कार्ट के माध्यम से मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
ई-रिक्शा संचालन पर भी विशेष व्यवस्था
भीड़ नियंत्रण को देखते हुए नगर में केवल पंजीकृत ई-रिक्शाओं को ही संचालन की अनुमति दी जाएगी। हालांकि 25 दिसंबर और 1 जनवरी को अत्यधिक भीड़ के कारण सभी ई-रिक्शाओं के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द, अतिरिक्त बल रहेगा तैनात
नववर्ष अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। नगर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।
सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि“25 दिसंबर से 5 जनवरी तक वृंदावन में बाहरी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। भीड़ को देखते हुए विशेष दिनों में ई-रिक्शा संचालन पर भी रोक लगाई जाएगी। सभी प्रवेश मार्गों पर बैरियर लगाकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”



