वृंदावन: 700 किलो सूजी और मेवे से सजा गोवर्धन पर्वत, इस्कॉन गौशाला में विदेशी भक्तों ने भी की पूजा
- पांच हजार से अधिक भक्तों ने किया गोवर्धन महाराज का पूजन
- श्रील प्रभुपाद के पूजन और शंख ध्वनि के साथ हुआ गोवर्धन पूजा महोत्सव का शुभारंभ
वृंदावन। इस्कॉन मंदिर की गौशाला में मंगलवार को देशी-विदेशी भक्तों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा महोत्सव मनाया। इस दौरान भक्ति संगीत की धुनों के बीच 700 किलो सूजी के हलवे से बने विशाल गोवर्धन पर्वत का विधि-विधान से पूजन किया गया और ठाकुरजी को छप्पन भोग अर्पित किए गए।
अमेरिका से आईं भक्त ने तैयार किया विशाल गोवर्धन पर्वत
मंगलवार सुबह इस्कॉन मंदिर स्थित श्रील प्रभुपाद के समाधि स्थल पर शंख ध्वनि के साथ पूजन और आरती की गई। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण-बलराम का विधि-विधान से पूजन हुआ।
इस्कॉन गौशाला में अमेरिका से पधारीं गौरा मणि देवी दासी ने अपनी सेवा देते हुए: 250 किलो सूजी, 175 किलो शुद्ध घी, 175 किलो चीनी, 50 किलो काजू और 50 किलो किशमिश कुल 700 किलो सामग्री से एक विशाल गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया। इसमें सभी मंदिर देवालयों की आकृतियां भी बनाई गईं और उन्हें विभिन्न प्रकार के ताजे फलों से भव्य रूप से सजाया गया।
भक्ति संगीत और संकीर्तन पर झूमे भक्त
कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक देशी-विदेशी श्रद्धालुओं ने पूर्ण आस्था और जयकारों के साथ गोवर्धन महाराज का पूजन किया। मंदिर के वरिष्ठ पदाधिकारी जननंदन गोस्वामी ने गोवर्धन लीला का विस्तृत वर्णन किया। इसके पश्चात, हरिनाम संकीर्तन और जयकारों के मध्य गिरिराज महाराज का महाअभिषेक संपन्न हुआ और उन्हें छप्पन भोग अर्पित किए गए।
भगवान श्रीकृष्ण की लीला का विशेष महत्व: पंचगौड़ा दास
वृंदावन इस्कॉन के अध्यक्ष पंचगौड़ा दास ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का सनातन संस्कृति में विशेष महत्व है। भगवान ने अपनी कनिष्ठिका (छोटी) उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर सात दिनों तक ब्रजवासियों की रक्षा की थी और अहंकार में चूर इंद्र का मान भंग किया था। तभी से पहले ब्रज में और अब पूरे विश्व में गोवर्धन पूजा की परंपरा निरंतर चली आ रही है।
मंदिर के पीआरओ रवि लोचन दास ने बताया कि मंदिर परिसर और गौशाला में अत्यंत भव्य रूप से यह महोत्सव मनाया गया। इसमें पांच हजार से अधिक कृष्ण भक्तों ने भाग लिया, जिन्होंने पूजन के साथ-साथ भाव-नृत्य कर भक्ति रस का आनंद उठाया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर वृंदावन इस्कॉन के अध्यक्ष पंचगौड़ा दास, गणपति दास, विश्वनाम दास, श्रुतिकीर्ति दास सहित देश-विदेश के कई गणमान्य भक्त उपस्थित रहे।



