IPL से बाहर हुए कप्तान केएल राहुल और जयदेव उनादकट

  • Saturday May 06 2023 - 10:19 AM
  •  

मुंबई। लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल और इसी टीम में शामिल तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट चोट की वजह से आईपीएल से बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक केएल राहुल अब इस सीजन में खेलते नहीं दिखाई पड़ेंगे। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ पिछले मैच में फील्डिंग करते हुए राहुल के पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आया था। इसके बाद उन्हें उठाकर मैदान से बाहर ले जाया गया था।

बताया जा रहा है कि यह हैमस्ट्रिंग की चोट है और अब राहुल टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। लखनऊ के लिए यह बड़ा झटका है। इसके अलावा टीम के अन्य सदस्य और तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट भी चोट की वजह से आईपीएल से बाहर हो गए हैं। उनादकट को कंधे में चोट लगी है और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी स्थिति भी गंभीर है। उनादकट को प्रैक्टिस सेशन में चोट लगी थी। इन दोनों पर से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से भी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।

ऐसा माना जा रहा है कि बीसीसीआई की स्पोर्ट्स साइंस और मेडिकल टीम के लिए सीनियर बल्लेबाज राहुल को लंदन में सात से 11 जून तक होने वाली विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) फाइनल के लिए तैयार करना मुश्किल होगा। बीसीसीआई के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी से कहा- केएल इस समय लखनऊ में टीम के साथ हैं, लेकिन वह बुधवार को सीएसके के खिलाफ मैच के बाद गुरुवार को कैंप छोड़ देंगे। उनका स्कैन मुंबई में बीसीसीआई की देखरेख में एक मेडिकल फैसिलिटी में किया जाएगा। राहुल के साथ-साथ जयदेव के मामले को भी बीसीसीआई ही देखेगा।